6 से 9 मार्च तक होगा Himalayan O₂ – टिहरी लेक फेस्टिवल, प्रतिभागियों को मिलेगी विशेष छूट

टिहरी। जनपद में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 6 से 9 मार्च के बीच प्रस्तावित Himalayan O₂ – टिहरी लेक फेस्टिवल शासन, प्रशासन और स्थानीय जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बनने जा रहा है।

उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और टिहरी जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में देशभर से प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को स्थानीय होटल, होमस्टे और वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों में विशेष छूट दी जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजीकृत प्रतिभागियों को 6 से 9 मार्च के बीच स्थानीय होटल एवं होमस्टे के किराए में 20 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी, जबकि वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों में 25 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जाएगी। पर्यटन को प्रोत्साहन देने के लिए स्थानीय हितधारकों ने स्वेच्छा से यह पहल की है।

स्थानीय संस्कृति और रोमांच का संगम

फेस्टिवल के दौरान प्रतिभागियों को उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति और पारंपरिक खानपान से रूबरू कराया जाएगा। मास्टर शेफ प्रतियोगिता में स्थानीय व्यंजनों का प्रदर्शन होगा, वहीं फैशन शो में प्रतिभागी पारंपरिक परिधान और आभूषणों में नजर आएंगे।

6 मार्च को कोटी कॉलोनी में प्रसिद्ध पांडवाज बैंड की प्रस्तुति और वीर भड़ माधो सिंह भंडारी की जीवन गाथा पर आधारित नाट्य मंचन मुख्य आकर्षण रहेगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न तिथियों पर स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

एडवेंचर गतिविधियों का रहेगा खास आकर्षण

टिहरी लेक फेस्टिवल जनपद का सबसे बड़ा आउटडोर फेस्टिवल माना जाता है। इसके अंतर्गत ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, रॉक क्लाइंबिंग, राफ्टिंग जैसी रोमांचक गतिविधियों को शामिल किया गया है। उद्देश्य है कि पर्यटकों को जनपद की पर्यटन संभावनाओं से अवगत कराया जाए और दूरस्थ क्षेत्रों में ट्रैकिंग अभियानों के माध्यम से ग्रामीण पर्यटन को भी बढ़ावा मिले।

स्थानीय लोगों के सहयोग से आयोजित यह महोत्सव टिहरी को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *