देहरादून । राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने मुख्य चिकित्स अधिकारी कार्यालय देहरादून में गैर संचारी रोग कार्यक्रम के अंतर्गत प्वाइंट ऑफ केयर टेस्टिंग डिवाइस का वितरण किया । निःशुल्क स्वास्थ्य जांच सेवाओं का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत यह डिवाईस आयुष्मान आरोग्य मंदिर में तैनात 40 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को वितरित किये गये। वितरण के साथ-साथ सभी सीएचओ को इस संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया गया।इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार समुदाय स्तर पर प्रत्येक व्यक्ति को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर तकनीक और नवाचार की मदद ले रही है। इसी कड़ी में समस्त सीएचओ को पीओसीटी डिवाइस दिये जा रहे हैं। इनकी मदद से 28 से अधिक स्वास्थ्य संबंधी जांच घर-घर जाकर की जा सकेंगी। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं को धरातल पर पहुंचाने के लिए समय-समय पर अधिकारी निरंतर मॉनिटरिंग करें। उन्होंने कहा कि इन सभी योजनाओं की सफलता लाभार्थियों की संतुष्टि पर निर्भर करेगी। उन्होंने चिकित्सालयों में रेफरेल की परम्परा पर अंकुश लगाने तथा रेफरल के संबंध में स्पष्ट एसओपी जारी करने के लिए निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य को निर्देश दिये।
स्वास्थ्य मंत्री ने किया प्वाइंट ऑफ केयर टेस्टिंग डिवाइस का वितरण
