नई टिहरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, गजा में आयोजित ‘प्रथम गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2025’ का दीप प्रज्वलित कर भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने घण्टाकर्ण मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की और राज्य आंदोलनकारी शहीद बेलमती चौहान की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को तभी साकार किया जा सकता है, जब गांव, पंचायत, ब्लॉक, जिला और प्रदेश मिलकर विकास की ओर अग्रसर हों। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार “विकल्प रहित संकल्प” की नीति पर कार्य कर रही है और उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठतम राज्य बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और विकास योजनाओं का अद्भुत संगम बना प्रथम गजा घण्टाकर्ण महोत्सव
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के महोत्सव क्षेत्रीय देवताओं की पूजा-अर्चना के माध्यम से सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं। गजा स्थित घण्टाकर्ण मंदिर धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है और बद्रीनाथ परिक्रमा के उपरांत यहां की परिक्रमा का विशेष महत्व है। हरिद्वार और हिमालय के एक साथ दर्शन वाले इस स्थल को धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से और भी उन्नत करने की दिशा में यह महोत्सव एक ऐतिहासिक कदम है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गजा क्षेत्र में 30 करोड़ की लागत से पॉलिटेक्निक, 24 करोड़ की लागत से हेंवलघाटी पम्पिंग पेयजल योजना, नगर पंचायत कार्यालय, गौशाला और विश्राम गृह का निर्माण कार्य किया गया है। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए “हाउस ऑफ हिमालय” ब्रांड के तहत उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं, जो अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता को टक्कर दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पाद वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रहे हैं।महोत्सव में स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत, सरस्वती वंदना, लोकनृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। मुख्यमंत्री ने इन प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए बच्चों के माता-पिता और आयोजन समिति का आभार जताया और कहा कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपरागत पहनावे को संरक्षित और प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।
प्रदेश में लागू ऐतिहासिक निर्णयों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून, सख्त भू-कानून और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति को सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था 11वें से 5वें स्थान पर आ चुकी है और वर्ष 2027 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में देश न केवल आर्थिक बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी “विश्वगुरु” बनने की राह पर है। केदारनाथ पुनर्निर्माण, बद्रीनाथ मास्टर प्लान, ऑल वेदर रोड, और ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि, ऊर्जा और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में बड़े स्तर पर विकास कार्य किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र की 15 सूत्रीय मांगों को उनके समक्ष रखा, जिस पर मुख्यमंत्री ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया और उन्हें घोषणाओं में शामिल करने की बात कही। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे विकास को रेखांकित करते हुए सरकार की उपलब्धियों को साझा किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एमबीबीएस, आईआईटी, एनआईटी और भारतीय नौसेना में चयनित स्थानीय बच्चों को सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने शहीद विक्रम सिंह नेगी के गांव की सड़क का नामकरण उनके नाम पर करने की घोषणा की।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष भाजपा उदय रावत, ब्लॉक प्रमुख प्रशासक राजेंद्र भंडारी, चंबा की शिवानी बिष्ट, नगरपालिका परिषद अध्यक्ष शोभनी धनोला, नगर पंचायत अध्यक्ष गजा कुंवर सिंह चौहान, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल, प्रसिद्ध लोकगायक प्रीतम भरतवाण सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।
https://shorturl.fm/oYjg5