टिहरी के पांच ब्लॉकों में सरकार ने लगाया जनता दरबार, मौके पर हुआ समस्याओं का समाधान

नई टिहरी। शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और जनसुलभ बनाने के उद्देश्य से टिहरी जनपद में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” और “प्रशासन गांव की ओर” अभियान के तहत एक व्यापक पहल की गई। मंगलवार को जनपद के पांच अलग-अलग विकासखंडों में एक साथ बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन कर सरकार ने सीधे ग्रामीणों के दरवाजे पर दस्तक दी। इन शिविरों के माध्यम से न केवल आम जनता की लंबित समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया, बल्कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाने की कवायद भी तेज की गई। कीर्तिनगर से लेकर भिलंगना और चंबा से लेकर जाखणीधार तक आयोजित इन शिविरों में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी।

 

 

अभियान का मुख्य केंद्र विकासखंड कीर्तिनगर रहा, जहां न्याय पंचायत नौर चौरास के राजकीय इंटर कॉलेज किलकिलेश्वर में आयोजित शिविर की अध्यक्षता स्वयं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने की। इस अवसर पर स्थानीय विधायक विनोद कंडारी और शासन से आए सचिव कृषि एवं कृषक कल्याण डॉ. सुरेंद्र नारायण पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इन शिविरों का उद्देश्य केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना है। वहीं, विकासखंड चंबा की न्याय पंचायत नकोट के राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित शिविर में विधायक किशोर उपाध्याय और ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण ने जनता से सीधा संवाद किया। इस शिविर की अध्यक्षता एसडीएम टिहरी संदीप कुमार ने की।

 

जनपद के अन्य हिस्सों में भी प्रशासन की पूरी टीम मुस्तैद नजर आई। विकासखंड भिलंगना के राजकीय इंटर कॉलेज भटगांव में जिला विकास अधिकारी मो. असलम की अध्यक्षता में शिविर संपन्न हुआ, जिसमें भाजपा जिला उपाध्यक्ष राम कुमार कठैत और ज्येष्ठ प्रमुख पायार सिंह बिष्ट मौजूद रहे। देवप्रयाग ब्लॉक की न्याय पंचायत भटकोट के राजीव गांधी पंचायत भवन में परियोजना निदेशक डीआरडीए पुष्पेंद्र चौहान ने मोर्चा संभाला, जहां कनिष्ठ प्रमुख राजपाल सिंह चौहान भी उपस्थित थे। इसी प्रकार, जाखणीधार ब्लॉक के जीआईसी सिमेंटिधार में कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी पवन काला की अध्यक्षता और ब्लॉक प्रमुख राजेश नौटियाल की मौजूदगी में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *