सहकार भारती टिहरी की पहली जिला बैठक चंबा में, ब्लॉक कार्यकारिणी गठन और अनुबंध खेती पर फोकस

नई टिहरी |  सहकार भारती टिहरी गढ़वाल की नवगठित जिला कार्यकारिणी की प्रथम बैठक सोमवार को चंबा में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में संगठन के विस्तार, सुदृढ़ीकरण और सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने पर गहन मंथन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष हरि प्रसाद सकलानी “सरल” ने स्पष्ट किया कि संगठन का मुख्य उद्देश्य सरकार द्वारा सहकारिता के क्षेत्र में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि सहकारिता ही वह सशक्त माध्यम है जिससे पहाड़ की आर्थिकी को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाया जा सकता है।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रदेश संगठन प्रमुख राजेश वर्मा, सह-संगठन प्रमुख मणिराम नौटियाल एवं जिला प्रभारी गीता मौर्य का स्थानीय पदाधिकारियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। प्रदेश नेतृत्व ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए जिले के सभी विकासखंडों में ब्लॉक कार्यकारिणी के गठन के निर्देश दिए।

यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन की गतिविधियों को प्रभावी और निरंतर बनाए रखने के लिए प्रत्येक माह नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिससे कार्यों की समीक्षा और भविष्य की रणनीति तय की जा सके।

बैठक के दौरान ग्रामीण काश्तकारों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग (अनुबंध खेती) पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि इसके माध्यम से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य और सुनिश्चित बाजार मिलेगा, जिससे पलायन जैसी गंभीर समस्या पर रोक लगाई जा सकेगी।

अंत में जिलाध्यक्ष हरि प्रसाद सकलानी ने विश्वास दिलाया कि सभी पदाधिकारियों के आपसी समन्वय और सहयोग से सहकार भारती को टिहरी गढ़वाल जनपद में एक नई पहचान दिलाई जाएगी और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *