नई टिहरी। जनपद में आमजन और पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अग्निशमन विभाग द्वारा व्यापक फायर ऑडिट एवं अग्नि सुरक्षा निरीक्षण अभियान लगातार चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजीवा कुमार के नेतृत्व में पिछले एक माह के दौरान जिले के विभिन्न होटल, रिसॉर्ट, गेस्ट हाउस, होम स्टे, अस्पताल, रेस्टोरेंट तथा अन्य व्यावसायिक एवं सार्वजनिक प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान फायर सेफ्टी सिस्टम, अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों, विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं और अन्य आवश्यक अग्नि सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई। साथ ही संस्थान संचालकों और कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में प्राथमिक बचाव, अग्निशमन यंत्रों के सुरक्षित उपयोग, सुरक्षित निकासी तथा आपदा के दौरान त्वरित कार्रवाई के संबंध में व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
अभियान के तहत पिछले एक माह में कुल 384 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इनमें होटल, गेस्ट हाउस, होम स्टे, रेस्टोरेंट, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, विवाह एवं बैंक्वेट हॉल, बहुमंजिला अपार्टमेंट, अस्पताल, नर्सिंग होम, कोचिंग सेंटर सहित अन्य प्रतिष्ठान शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान 140 प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों में कमियां मिलने पर संबंधित संपत्ति स्वामियों को नियमानुसार नोटिस जारी किए गए। अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि के भीतर कमियां दूर नहीं किए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने कहा कि जनपद में नागरिकों और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
