टिहरी। भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के निर्देशों के अनुरूप जनपद टिहरी गढ़वाल में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्थानों पर जागरूकता एवं सेवा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में शनिवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बैंकर्स और कृषि, समाज कल्याण, पशुपालन तथा उद्यान विभाग के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना जैसी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिकतम पात्र नागरिकों तक पहुंचाने के लिए यह शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी मंगलवार से जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में इन शिविरों की शुरुआत की जाएगी, जहां पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया को सरल व सुलभ बनाया जाएगा।
सीडीओ ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे सोमवार तक पात्र लाभार्थियों की सूची संबंधित बैंकों को उपलब्ध कराएं, ताकि लाभार्थियों का समयबद्ध रूप से नामांकन किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने विभागीय कर्मचारियों को भी इन योजनाओं से जोड़ने हेतु प्रेरित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक के दौरान अग्रणी जिला प्रबंधक मनीष मिश्रा ने जानकारी दी कि भारत सरकार ने 30 सितम्बर 2025 तक देश की सभी ग्राम पंचायतों को वित्तीय योजनाओं की पहुंच में लाने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के अंतर्गत निष्क्रिय जनधन खातों का केवाईसी दोबारा सत्यापित किया जाएगा और बीमा एवं पेंशन योजनाओं में नामांकन को लेकर व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
