टिहरी। हरेला पर्व के अवसर पर विकासखंड भिलंगना में क्षेत्रीय विधायक शक्ति लाल शाह की उपस्थिति में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्राम्य विकास मंत्री भरत चौधरी की परिकल्पना के अनुरूप विकासखंड परिसर में ‘गुरु स्मृति वन’ की स्थापना की गई। साथ ही “एक पेड़ मां के नाम, एक पेड़ गुरु के नाम” अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड स्तर पर जल उत्सव का भी आयोजन किया गया। वहीं हिमालयन स्कूल के विद्यार्थियों के बीच आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप मेडल देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विधायक शक्ति लाल शाह ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की संस्कृति, प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक पर्व है। उन्होंने सभी लोगों से अपनी मां और गुरु के नाम पर कम से कम एक-एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए स्वयं भी एक पौधा मां के नाम तथा एक पौधा गुरु के नाम रोपित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने भी पौधरोपण कर हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को विधायक शक्ति लाल शाह एवं ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी द्वारा साड़ियां वितरित की गईं।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी, खंड विकास अधिकारी विपिन सिंह, प्यार सिंह, चंद्रमोहन नौटियाल, डॉ. नरेंद्र डंगवाल, विक्रम असवाल, अनुज बहुगुणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
