नई टिहरी। जिलाधिकारी ने चंबा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का अचानक स्थलीय निरीक्षण किया, जिसमें केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों, महिला प्रसूति सुविधाओं एवं एंबुलेंस सेवा की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने केंद्र के स्टाफ की उपस्थिति की समीक्षा करते हुए ड्यूटी से गैरहाजिर कर्मियों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों के लिए एंबुलेंस की सेवा निशुल्क प्रदान की जाए ताकि स्वास्थ्य सुविधाएं सभी तक पहुंच सकें। इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र में बिजली और पानी की किसी भी प्रकार की समस्या को शीघ्रतम सुधारने के भी निर्देश जारी किए गए।
उन्होंने उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम द्वारा स्वास्थ्य केंद्र के समीप चल रहे लैब निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांचने को भी अधिकारियों से कहा, ताकि निर्माण में किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए और स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर उन्नत बना रहे।
कार्यालय में फाइलों के रख-रखाव की खराब स्थिति, सुरक्षा के लिए लगे कैमरे चालू न होने तथा नई टिहरी मॉडर्न स्कूल के निकट इंटरलॉकिंग टाइल्स के काम में खामियों और मलबा डंपिंग जोन में फेंकने की व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही कार्यालय में रखे अग्निशमन यंत्रों पर एक्सपायरी डेट अंकित करने, बिजली की तारों की मरम्मत और छत की मजबूती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये गए।
DM ने चंबा स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर दवाईयों व सुविधाओं का लिया जायजा
