देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में जनपद में लागू ई-ऑफिस कार्य प्रणाली की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों में ई-ऑफिस व्यवस्था के क्रियान्वयन, ऑनलाइन पत्रावलियों के निस्तारण, तकनीकी समस्याओं एवं कार्य प्रणाली को अधिक सुगम और प्रभावी बनाने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जनपद के लगभग सभी शासकीय कार्यालयों को ई-ऑफिस प्रणाली से जोड़ा जा चुका है तथा अधिकांश विभागों में पत्रावलियों का निस्तारण डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है। ई-ऑफिस व्यवस्था लागू होने से सरकारी कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और ऑनलाइन मॉनिटरिंग को बढ़ावा मिला है।

समीक्षा के दौरान कुछ विभागों द्वारा रिपोर्टिंग एवं ऑनलाइन कार्य निष्पादन में आ रही तकनीकी समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया। इस पर जिलाधिकारी ने आईटीडीए की तकनीकी टीम को निर्देश दिए कि संबंधित समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस शासन की महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य कार्यालयी कार्यों को तेज, पारदर्शी और पेपरलेस बनाना है। इसलिए सभी विभाग तकनीकी बाधाओं को दूर करते हुए ई-ऑफिस प्रणाली का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पत्रावलियों के संचालन और निस्तारण में ई-ऑफिस प्रणाली का गंभीरता से पालन किया जाए तथा लंबित प्रकरणों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर तकनीकी समस्या आने पर संबंधित तकनीकी टीम से समन्वय स्थापित कर उसका शीघ्र समाधान कराया जाए, ताकि शासकीय कार्यों की गति प्रभावित न हो।

बैठक में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पाण्डेय, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर हरेन्द्र शर्मा, आईटीडीए तकनीकी टीम के आशीष, दीक्षा, विवेक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
