सेला पर्व पर वन गुर्जर समुदाय के बीच पहुंचा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, समस्याएं सुनकर समाधान का दिया भरोसा

 

देहरादून।  सेला पर्व के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), देहरादून की टीम वन क्षेत्र में निवासरत वन गुर्जर समुदाय के बीच पहुंची। कार्यक्रम के दौरान प्राधिकरण की सचिव सीमा डुँगराकोटी ने समुदाय के लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान का आश्वासन दिया।

 

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के आग्रह पर कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों और वन विभाग के अधिकारियों ने भी भाग लिया। वन गुर्जर समुदाय के लोगों ने आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आ रही कठिनाइयों से अधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों ने इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर सीमा डुँगराकोटी ने समुदाय को सेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वन गुर्जर समुदाय का प्रकृति संरक्षण और वृक्षारोपण के प्रति समर्पण पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य केवल निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि समाज के वंचित और दूरस्थ वर्गों तक न्याय, अधिकारों की जानकारी और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सेतु की भूमिका निभाना भी है।

 

कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से समुदाय को विभिन्न प्रजातियों के पौधे और ट्री-गार्ड उपलब्ध कराए गए तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके साथ ही ग्रामसभा के प्रतिनिधियों को सोलर लैम्प और छाते वितरित किए गए, जबकि बच्चों को स्टेशनरी किट और रिफ्रेशमेंट प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में वन गुर्जर समुदाय के बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे, प्रशासनिक एवं वन विभाग के अधिकारी, डिफेंस काउंसिल तथा पराविधिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *