प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर देहरादून प्रशासन अलर्ट, तैयारियों की समीक्षा

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को सहारनपुर के गणेशपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण करेंगे। इसके उपरांत वे सड़क मार्ग से देहरादून स्थित गढ़ीकैंट कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संपूर्ण सड़क मार्ग पर लोक निर्माण विभाग और पुलिस विभाग के समन्वय से बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था की जाए। पुलिस विभाग को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) को मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए गए।

नगर निगम को सड़क मार्ग और कार्यक्रम स्थल पर व्यापक सफाई व्यवस्था, मोबाइल शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया कि पूरे मार्ग और कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त चिकित्सा टीमों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

बैठक में कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास द्वार, वीआईपी और आमजन के लिए अलग-अलग व्यवस्थाओं तथा यातायात प्लान की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा मुख्य विकास अधिकारी को कार्यक्रम के लिए जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि कार्यक्रम का सफल और सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *