DAV कॉलेज देहरादून ने जीता गढ़वाल विश्वविद्यालय की महिला बास्केटबॉल चौंपियनशिप

नई टिहरी। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के एसआरटी परिसर बादशाही थौल, टिहरी में एक दिवसीय अंतरमहाविद्यालय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। प्रतियोगिता में डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून, बिरला कैंपस श्रीनगर, राठ महाविद्यालय पैठाणी, एमकेपी कॉलेज देहरादून, एसआरटी कैंपस टिहरी और डीबीएस पीजी कॉलेज देहरादून की टीमों ने हिस्सा लिया।

सभी टीमों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ एसआरटी परिसर के निदेशक प्रोफेसर ए.ए. बौड़ाई, पूर्व निदेशक प्रोफेसर डी.एस. कैंतुरा, प्रो. आर.सी. रमोला, क्रीड़ा परिषद अध्यक्ष प्रो. पी.डी. सेमल्टी, डीन शिक्षा संकाय प्रो. सुनीता गोदियाल, उप अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. जे.डी.एस. नेगी और आयोजक सचिव के.सी. पेटवाल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रोफेसर बौड़ाई ने प्रतिभागी छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी उत्तर भारत स्तर के खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करें। प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबले में एसआरटी कैंपस टिहरी ने एमकेपी कॉलेज देहरादून को 17-15 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। पहले सेमीफाइनल में श्रीनगर कैंपस ने डीबीएस कॉलेज को 27-15 से पराजित किया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में डीएवी कॉलेज देहरादून ने एसआरटी टिहरी को 23-20 के रोमांचक अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

फाइनल मुकाबला डीएवी कॉलेज देहरादून और श्रीनगर परिसर के बीच खेला गया, जिसमें डीएवी कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 34-15 से विजय प्राप्त कर चौंपियनशिप अपने नाम की। खिलाड़ियों के बेहतरीन समन्वय और सटीक पासिंग ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।समापन सत्र में विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल और आयोजन टीम ने उत्कृष्ट समन्वय के साथ टूर्नामेंट को सफल बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *