सीएसआर पहल: मुख्यमंत्री ने बहल पेपर मिल के दो वाहनों को दिखाई हरी झंडी

टनकपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बहल पेपर मिल द्वारा उपलब्ध कराए गए दो वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जनपद में स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।

टनकपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दोनों वाहनों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। इनमें से एक वाहन चिकित्सा विभाग को सौंपा गया है, जिससे आपातकालीन स्थितियों में त्वरित सहायता और दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा सकेगी।

दूसरा वाहन राजकीय इंटर कॉलेज, मंच को प्रदान किया गया है, जो विद्यालय के शैक्षणिक कार्यों और छात्र-छात्राओं की आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायक होगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बहल पेपर मिल के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि विकास कार्यों में कॉरपोरेट क्षेत्र की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सीएसआर मद से प्राप्त ये वाहन स्थानीय स्तर पर सेवाओं की गुणवत्ता में सकारात्मक सुधार लाएंगे और आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *