टिहरी। विकासखंड प्रतापनगर की रौणिया न्याय पंचायत के ग्राम जाखणी में प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत एक विशाल बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में प्रशासन ने ग्रामीणों के द्वार पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुना और मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया। शिविर के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से कुल 240 ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक विजय सिंह पंवार और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी ने संयुक्त रूप से किया। जाखणी गांव के पंचायत भवन में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अंकित राज ने की।
शिविर के आयोजक एवं जाखणी के ग्राम प्रधान व भाजपा जिला महामंत्री जयेंद्र सेमवाल ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में गांव और क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा और उनके निराकरण की मांग की। अतिथियों ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों को सरकार की योजनाओं का लाभ प्रदान किया। इस दौरान पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के तहत विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का मुख्य लक्ष्य ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही निराकरण करना है, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके और दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए न्याय पंचायत स्तर पर इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
