खड़े दिए करने से होती निसंतान दंपत्तियों की मनोकामना पूर्ण
श्रीनगर/ देहरादून। बैकुण्ठ चतुर्दशी पर्व पर संतान प्राप्ति के लिए सिद्धपीठ कमलेश्वर महादेव मंदिर में 190 दंपति खड़ा दिए अनुष्ठान में शामिल हुए। मंगलवार को गोधूलि बेला से अनुष्ठान शुरू हुआ। अनुष्ठान के लिए 235 से अधिक दंपतियों ने पंजीकरण करवाया था,जबकि 190 से अधिक दंपति अनुष्ठान में शामिल हुए।
मंगलवार शाम गोधुलि बेला (सांय 5 बजकर 30 मिनट) पर कमलेश्वर मंदिर के महंत आशुतोष पुरी ने दीपक जलाकर खड़ा दीया अनुष्ठान का शुभारंभ किया। महिलाओं के कमर में एक कपड़े में जुड़वा नींबू, श्रीफल, पंचमेवा एवं चावल की पोटली बांधी गई। तत्पश्चात महंत ने सभी दंपतियों के हाथ में दीपक रखते हुए पूजा-अर्चना की। दंपति रातभर हाथ में जलते दीपक लेकर भगवान भगवान शिव की पूजा करेंगे।
बुधवार सुबह स्नान के बाद महंत दंपतियों को आशीर्वाद देकर पूजा संपन्न करेंगे। ऐसा विश्वास है कि खड़ा दीया अनुष्ठान करने से संतान प्राप्ति होती है। अनुष्ठान में शामिल होने के लिए उत्तराखंड के अलावा अमरिका, नोएडा, गाजियाबाद,दिल्ली, बंगलौर,चंडीगढ़, महाराष्ट्र,राजस्थान सहित विभिन्न प्रांतों से यहां दंपति पहुंचे हैं।
