खटीमा में CM धामी ने किया ₹7.23 करोड़ की गौशाला का लोकार्पण, 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हल्दीघेरा, खटीमा में ₹7.23 करोड़ की लागत से नवनिर्मित गौशाला का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ₹108.84 करोड़ की लागत वाली 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया। इनमें ₹34.44 करोड़ की लागत से राज्य मार्ग-70 के सत्रहमील से नानकसागर प्रभाग तक 13.60 किलोमीटर मार्ग के उच्चीकरण का कार्य प्रमुख रूप से शामिल है।

मुख्यमंत्री ने हल्दीघेरा गौशाला के भविष्य में आवश्यकता के अनुसार विस्तार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गौशाला के विस्तार से अधिक से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित और सम्मानजनक आश्रय उपलब्ध कराया जा सकेगा।

SJVN

विज्ञापन

सड़क हादसों में कमी और किसानों को मिलेगी राहत

मुख्यमंत्री ने कहा कि हल्दीघेरा गौशाला निराश्रित गोवंश के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सड़कों पर विचरण करने वाले निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय मिलने से उनकी बेहतर देखभाल सुनिश्चित होगी और किसानों एवं स्थानीय लोगों को भी राहत मिलेगी। साथ ही सड़कों पर गोवंश के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष स्थान है। गौ संरक्षण केवल परंपरा नहीं, बल्कि कर्तव्य और जिम्मेदारी भी है। देवभूमि उत्तराखंड में सदियों से गौ संरक्षण और गौ सेवा की परंपरा रही है।

16 हजार से अधिक गोवंश को मिल रहा आश्रय

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में गौ सदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय दिया जा रहा है। इसके साथ ही ग्राम्य गौ सेवक योजना को प्रदेश में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है।

उन्होंने कहा कि शहरी विकास और पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिन्हित की गई है। सरकार गौ संरक्षण के साथ गोवंश को ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने की दिशा में भी काम कर रही है।

मुख्यमंत्री के अनुसार बद्री गाय के शुद्ध घी और दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं।

खटीमा में सड़क और बाढ़ सुरक्षा समेत कई कार्यों पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ पशुधन के संवर्धन की दिशा में भी कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के साथ सांस्कृतिक विरासत एवं परंपराओं के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि खटीमा सहित पूरे ऊधम सिंह नगर जिले में सड़क, पुल, शिक्षा, बाढ़ सुरक्षा और अन्य अवस्थापना सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। विकास योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *