देहरादून/ नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में आयोजित केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सद्यः प्रकाशित पुस्तक *‘अपनापन-नरेंद्र मोदी संग मेरे अनुभव’* के लोकार्पण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
यह गरिमामयी समारोह भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू तथा पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
पुस्तक *‘अपनापन’* में शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ विभिन्न भूमिकाओं में प्राप्त अनुभवों का सजीव वर्णन किया गया है। पुस्तक में नेतृत्व, सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विचारों को सरल एवं प्रभावी शैली में प्रस्तुत किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुस्तक के प्रकाशन पर शुभकामनाएं देते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कृतियां जनसेवा और नेतृत्व के क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होती हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, भारत सरकार के कई मंत्री, विधायक, सांसद, समाजसेवी, लेखक, पत्रकार एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
