भारी बारिश को लेकर मुख्यमंत्री धामी सतर्क, अधिकारियों को राहत-बचाव के लिए अलर्ट रहने के निर्देश

देहरादून। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही भारी वर्षा के मद्देनज़र मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सचिव आनन्द बर्धन और सचिव आपदा प्रबंधन  विनोद कुमार सुमन को स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां भी भारी बारिश, भूस्खलन या सड़क बंद होने जैसी स्थिति उत्पन्न हो, वहां प्रशासन तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करे। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी राहत एवं बचाव दल पूरी तरह तैयार रहें और प्रभावित लोगों को समय पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने अधिकारियों को सड़क, बिजली, पेयजल और संचार जैसी आवश्यक सेवाओं को बाधित होने की स्थिति में प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए। साथ ही चारधाम यात्रा मार्ग सहित सभी प्रमुख मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों और राज्य में आने वाले यात्रियों से अपील की कि वे मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें। उन्होंने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और उफनते नदी-नालों के आसपास न जाने की सलाह दी। किसी भी आपात स्थिति या असुविधा होने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की भी अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *