अमित शाह हरिद्वार में ‘जन-जन की सरकार: चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में शामिल होंगे, CM धामी ने तैयारियों का लिया जायजा

हरिद्वार। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार, 7 मार्च 2026 को हरिद्वार में आयोजित ‘जन-जन की सरकार: चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। इस कार्यक्रम के लिए शासन-प्रशासन द्वारा सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं, और श्री शाह के स्वागत हेतु बैरागी कैम्प एवं पूरे हरिद्वार शहर को सजाया-संवारा जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हरिद्वार का भ्रमण कर कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने जनसभा स्थल, मंच, प्रदर्शनी क्षेत्र, पार्किंग, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि सभी तैयारियों का वरिष्ठ अधिकारी परीक्षण करें और आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री अमित शाह बैरागी कैम्प में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा वे राज्य सरकार की चार वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी और नई न्याय संहिताओं पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे राज्य के विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।

मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम में वन मंत्री सुबोध उनियाल, भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री अजय कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, उपाध्यक्ष आपदा प्रबंधन विनय रोहिला, विधायक रानीपुर आदेश चौहान, मेयर नगर निगम हरिद्वार किरन जैसल, मेयर नगर निगम रूड़की अनीता देवी, नगर पालिका ऋषिकेश के अध्यक्ष शंभू पासवान सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *