थलीसैंण में आयोजित प्रसिद्ध बूंखाल कालिंका मेले में शामिल हुए आचार्य बालकृष्ण और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रावत

उत्तराखंड।  विकासखंड थलीसैंण क्षेत्र में आयोजित प्रसिद्ध बूंखाल कालिंका मेले में शनिवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। तड़के सुबह से ही भक्तों का आना-जाना लगातार जारी रहा। मेले में पहुंचकर पतंजलि आयुर्वेद के सह-संस्थापक आचार्य बालकृष्ण और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विधिवत पूजा-अर्चना की और आयोजन में प्रतिभाग किया।

आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि बूंखाल मेला उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का अद्वितीय प्रतीक है। उन्होंने जिला प्रशासन और स्थानीय समितियों की ओर से की गयी तैयारियों को सराहनीय बताया और कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गयी व्यवस्थाएं अत्यंत संतोषजनक हैं।

 

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि बूंखाल मेला सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात, शटल सेवा और अन्य सुविधाओं को उत्कृष्ट बताते हुए प्रशासन की सराहना की। उन्होंने बताया कि बूंखाल कालिंका मंदिर का भव्य निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है और जल्द पूरा होने पर श्रद्धालुओं को और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इस दौरान उन्होंने मेले में आए श्रद्धालुओं को भंडारे में प्रसाद वितरण भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *