रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा को नशामुक्त और सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता मिली है। चौकी फाटा पुलिस और एसओजी रुद्रप्रयाग की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान खच्चरों के चारे की आड़ में तस्करी कर लाई जा रही अवैध शराब की खेप बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के निर्देश पर यात्रा मार्गों पर लगातार निगरानी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक पिकअप वाहन (UK12CA0723) को रोककर जांच की, जिसमें ऊपर से खच्चरों का चारा लदा हुआ था। तलाशी लेने पर चारे के नीचे छुपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार वाहन से 494 बोतल मैकडॉवेल्स ब्रांड की अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी बाजार कीमत लगभग ₹3.5 लाख आंकी गई है। मौके पर ही पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर वाहन को सीज कर दिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान गुलजार अहमद पुत्र मोहम्मद मोहसीन, निवासी बिजनौर (उत्तर प्रदेश), वर्तमान निवासी भक्तियाना, श्रीनगर के रूप में हुई है।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी फाटा उपनिरीक्षक दिनेश सती, आरक्षी अंकित, जगदीश तथा एसओजी टीम के आरक्षी रविंद्र सिंह रावत और देवेंद्र सिंह शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि केदारनाथ यात्रा की पवित्रता और सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा तथा अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
