Your Website Description

टिहरी भाजपा ने 2027 चुनाव की तैयारी शुरू की, बूथ मजबूत करने पर जोर

नई टिहरी। भाजपा की जिला कार्यसमिति की बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों और बूथ प्रबंधन पर जोर दिया गया। बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने तथा टिहरी जिले के विकास कार्यों को लेकर राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किया गया।

शनिवार को बौराड़ी में जिलाध्यक्ष उदय रावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री खजान दास ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत का आधार मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ता होते हैं। भाजपा को 2027 में लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ अभी से जुटना होगा। इसके लिए प्रत्येक बूथ को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों का तथ्यों के आधार पर जवाब देने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

प्रदेश मंत्री नलिन भट्ट ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से टिहरी सहित प्रदेश में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश नौटियाल ने प्रस्ताव का समर्थन करते हुए सुझाव रखे।

जिले के सहप्रभारी सत्येंद्र राणा ने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती की अहम कड़ी बताया। वहीं घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह और देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने अपने क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी।

बैठक में पूर्व मंत्री दिनेश धनै, पूर्व विधायक धन सिंह नेगी, विजय सिंह पंवार, राज्यमंत्री खेम सिंह चौहान, जिला महामंत्री बलवंत रावत सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *