श्रीनगर। बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी की छठवीं सांस्कृतिक संध्या आध्यात्मिकता, लोक संस्कृति और संगीत के रंगों से सराबोर रही। संत निरंकारी मिशन के आध्यात्मिक समागम के बाद शैलजा सामाजिक समिति की गढ़वाली प्रस्तुतियों और बॉलीवुड गायक संकल्प खेतवाल के गीतों ने दर्शकों को देर शाम तक झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत संत निरंकारी मिशन के आध्यात्मिक समागम से हुई। ऋषिकेश से पहुंचे ज्ञान प्रचारक धर्मेंद्र पयाल और आशाराम गैरोला ने प्रेम, सेवा, मानवता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आपदा राहत के क्षेत्र में मिशन की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी।

इसके बाद पौड़ी की शैलजा सामाजिक समिति के कलाकारों ने गढ़वाली गीतों और पारंपरिक नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। दीपक कुमार, हेमंती सिंह, आराध्या रावत और अक्ष रावत सहित अन्य कलाकारों ने पहाड़ी लोकधुनों से दर्शकों का मन मोह लिया। समिति अध्यक्ष सुषमा रावत के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम को खूब सराहना मिली।
सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण बॉलीवुड गायक संकल्प खेतवाल रहे। उन्होंने गढ़वाली और हिंदी गीतों की प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनके गीतों पर दर्शक देर तक झूमते रहे।
महापौर आरती भंडारी ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। मेले के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं, लोक कलाकारों, सामाजिक संस्थाओं और लोकप्रिय कलाकारों को मंच उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि नई पीढ़ी भी अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं से जुड़ सके।
