तीन दिवसीय प्रशिक्षण में शिक्षकों को दिए उद्यमिता और नवाचार के गुर, स्थानीय संसाधनों से स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर
उत्तरकाशी। पहाड़ के विद्यालयों में अब विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ उद्यमिता, नवाचार और आत्मनिर्भरता का पाठ भी पढ़ाया जाएगा। इसी उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) बड़कोट में आयोजित तीन दिवसीय ‘कौशलम’ पाठ्यचर्या प्रशिक्षण कार्यशाला का शनिवार को समापन हुआ। 27 से 29 नवंबर तक आयोजित कार्यशाला में जनपद के विभिन्न विकासखंडों के कक्षा-12 के शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।

डायट प्राचार्य हेमू बिष्ट ने कहा कि कौशलम कार्यक्रम विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़ाकर आत्मनिर्भर और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने का माध्यम है। उन्होंने शिक्षकों से प्रशिक्षण में सीखी गतिविधियों को कक्षाओं में लागू करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम समन्वयक अरविंद सिंह चौहान ने कहा कि कौशलम का उद्देश्य युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाना है। स्थानीय संसाधनों को नवाचार और स्वरोजगार से जोड़कर पहाड़ में पलायन की चुनौती से निपटने में भी मदद मिल सकती है।
कक्षा में 70 प्रतिशत समय विद्यार्थियों को
प्रशिक्षण में बताया गया कि कक्षा में 70 प्रतिशत समय विद्यार्थी स्वयं सोचने, सवाल पूछने, निर्णय लेने और गतिविधियों के माध्यम से सीखने में लगाएंगे, जबकि शिक्षक 30 प्रतिशत समय मार्गदर्शक की भूमिका निभाएंगे। संवाद कौशल, सहकार्यता, तार्किक एवं रचनात्मक चिंतन सहित 4Cs पर विशेष जोर दिया गया।

स्थानीय उत्पादों से तैयार होंगे स्वरोजगार के प्रोजेक्ट
कार्यशाला में डेयरी फार्म, पर्यटन स्थल, आंवला प्रसंस्करण और पहाड़ी व्यंजनों को स्वरोजगार से जोड़ने के व्यावहारिक प्रोजेक्ट तैयार किए गए। साथ ही स्थानीय बोली-भाषा के माध्यम से विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर निरंजन खंडूरी, अरविंद नौटियाल, यशपाल चौहान, संजय जगूड़ी और उद्यम फाउंडेशन के आदित्य कंडवाल ने मार्गदर्शन दिया।
