Your Website Description

धामी कैबिनेट के 23 फैसले आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय 1700 रुपये बढ़ा, हरिद्वार में दौड़ेगी पॉड टैक्सी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में हुई उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कर्मियों, युवाओं, चिकित्सकों और वन भूमि पर वर्षों से बसे परिवारों से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए। कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।

बैठक में हरिद्वार में 21.08 किलोमीटर लंबी पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (पीआरटी) परियोजना, सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल की अनिवार्य सेवा, वन आरक्षी भर्ती की आयु सीमा में छूट और भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क कम करने सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि खनन की बढ़ी हुई दरों के आधार पर रॉयल्टी में वृद्धि नहीं की जाएगी।

आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय 1700 रुपये बढ़ा

कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में 1700 रुपये की वृद्धि को मंजूरी दी है। इसके बाद उन्हें मिलने वाली कुल मासिक राशि 8300 रुपये से बढ़कर 10 हजार रुपये हो जाएगी। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर चर्चा के बाद अंतिम निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।

हरिद्वार में 21.08 किलोमीटर का बनेगा पीआरटी सिस्टम

हरिद्वार शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और श्रद्धालुओं को आवागमन की सुविधा देने के उद्देश्य से ‘हरिद्वार दर्शन’ परियोजना के तहत पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (पॉड टैक्सी) स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। परियोजना के तहत तीन कॉरिडोर बनाए जाने प्रस्तावित हैं। इनकी कुल लंबाई 21.08 किलोमीटर होगी और 21 स्टेशन बनाए जाएंगे।

  • कॉरिडोर-1: सीतापुर से भारत माता मंदिर तक 15.58 किलोमीटर लंबा मार्ग प्रस्तावित है। इस पर 15 स्टेशन होंगे।

  • कॉरिडोर-2: सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर तक 3.10 किलोमीटर लंबा मार्ग होगा। इस पर चार स्टेशन प्रस्तावित हैं।

  • कॉरिडोर-3: गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक 2.40 किलोमीटर लंबा मार्ग प्रस्तावित है। इस पर दो स्टेशन बनाए जाएंगे।

परियोजना के निर्माण के लिए कुल 6.9555 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता होगी। इसमें 6.1171 हेक्टेयर सरकारी और 0.8384 हेक्टेयर निजी भूमि शामिल है। इसके अतिरिक्त निर्माण सामग्री, मशीनरी और अन्य कार्यों के लिए पांच साल की अवधि हेतु दो हेक्टेयर अस्थायी भूमि की जरूरत होगी, जिसे सीतापुर स्थित प्रस्तावित पीआरटी डिपो के समीप चिन्हित किया गया है।

पीजी डॉक्टरों को दो साल तक देनी होगी राजकीय सेवा

प्रदेश के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए कैबिनेट ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए दो साल का अनिवार्य सेवा बॉन्ड लागू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। पीजी की पढ़ाई पूरी करने के बाद डॉक्टरों को दो साल तक प्रदेश में राजकीय सेवाएं देनी होंगी। सरकार का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाना और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है।

बापूग्राम और बिंदुखत्ता के लोगों को मालिकाना हक देने की दिशा में कदम

कैबिनेट बैठक में ऋषिकेश के बापूग्राम आरक्षित वन क्षेत्र की 594.90 एकड़ वन भूमि को वन भूमि की श्रेणी से बाहर करने का प्रस्ताव भी चर्चा में आया। मंत्रिमंडल ने बापूग्राम, बिंदुखत्ता और अन्य ऐसे क्षेत्रों में वर्षों से वन भूमि पर बसे लोगों को मालिकाना हक देने की दिशा में संबंधित क्षेत्रों को डीरिजर्व किए जाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने की मंजूरी दी है।

इसके साथ ही इन क्षेत्रों में बसे लोगों की भूमि को नियमित करने के लिए नीति तैयार करने के उद्देश्य से उप मंत्रिमंडलीय समिति गठित करने को भी मंजूरी दी गई है। वन विभाग इस संबंध में विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर भारत सरकार को भेजेगा। यह प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन और आगे की कानूनी कार्रवाई के तहत की जाएगी।

वन आरक्षी भर्ती की आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष

युवाओं को राहत देते हुए कैबिनेट ने वन आरक्षी पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष करने का निर्णय लिया है। इसके लिए उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2016 में संशोधन करते हुए उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा (संशोधन) नियमावली, 2026 को मंजूरी दी गई है।

यह आयु सीमा में छूट 31 दिसंबर 2028 तक होने वाली सीधी भर्तियों के लिए लागू होगी। निर्णय कार्मिक एवं सतर्कता विभाग की वर्दीधारी सिपाही पदों की चयन प्रक्रिया (संशोधन) नियमावली, 2026 के अनुरूप लिया गया है।

भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की दरें होंगी कम

कैबिनेट ने महायोजना में भू-उपयोग परिवर्तन (लैंड यूज चेंज) के लिए निर्धारित शुल्क की दरों में कमी करने का निर्णय लिया है। सरकार के अनुसार अधिक शुल्क और स्थानीय सर्किल रेट के कारण जमीन मालिक एवं बिल्डर कानूनी मंजूरी लेने से बच रहे थे, जिससे अवैध निर्माण और अनियोजित प्लॉटिंग की समस्या बढ़ रही थी।

अब एक अगस्त 2025 को निर्धारित नई शुल्क दरों के स्थान पर छह अक्टूबर 2021 के शासनादेश के अनुसार पुरानी दरें लागू करने को मंजूरी दी गई है। सरकार का मानना है कि इससे योजनाबद्ध विकास को बढ़ावा मिलेगा और जमीन से जुड़े विवादों में कमी आएगी।

चीनी मिलों को मिलेगी 207.75 करोड़ की बैंक गारंटी

पेराई सत्र के दौरान चीनी मिलों को बैंकों से ऋण लेने में सुविधा देने के लिए सरकार ने 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देने पर सहमति जताई है। इससे चीनी मिलों को वित्तीय सहायता प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी और पेराई सत्र के संचालन में मदद मिलेगी।

अन्य महत्वपूर्ण फैसले

कैबिनेट बैठक में इसके अलावा कई विभागों से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।

  • पेयजल व्यवस्था: उत्तराखंड पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव नीति, 2026 के प्रख्यापन को मंजूरी दी गई।

  • आबकारी विभाग: उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह नए पदों के सृजन को मंजूरी मिली। कुल 11 पद सृजित होंगे।

  • सेतु आयोग: सेतु आयोग के विभागीय ढांचे को मंजूरी दी गई।

  • एनएचआईडीसीएल: प्रदेश में निर्माण कार्यों के लिए इम्पैनल संस्थानों की सूची से एनएचआईडीसीएल को हटाने का निर्णय लिया गया।

  • महाधिवक्ता कार्यालय: उत्तराखंड महाधिवक्ता कार्यालय अधिष्ठान कर्मचारियों की सेवा नियमावली, 2026 के प्रख्यापन को मंजूरी मिली।

  • राजस्व विभाग: उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक एवं राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली तैयार करने के संबंध में निर्णय लेने के लिए उप मंत्रिमंडलीय समिति के गठन को मंजूरी दी गई।

  • लेखा परीक्षा विभाग: उत्तराखंड लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा नियमावली, 2019 में संशोधन को मंजूरी मिली।

  • चिकित्सा विभाग: सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक दिनेश चंद्र ध्यानी को समान सेवा लाभ दिए जाने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई।

  • सफाई कर्मचारी आयोग: उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने को मंजूरी मिली।

  • विधानसभा: विधानसभा के मानसून सत्र के सत्रावसान को मंजूरी दी गई।

बैठक में सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 सहित स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, वन, राजस्व और अन्य विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर भी निर्णय लिए गए।

कैबिनेट के इन फैसलों में कर्मचारियों के मानदेय, युवाओं की भर्ती, स्वास्थ्य सेवाओं, शहरी परिवहन और वन भूमि से जुड़े मामलों को प्रमुखता दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *