Your Website Description

सिलक्यारा बचाव अभियान बना आपदा प्रबंधन की मिसाल, उत्तराखंड में 133 क्विक रिस्पांस टीमें गठित

भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित, सीएम धामी ने मॉक ड्रिल और त्वरित राहत-बचाव पर दिया जोर

देहरादून। उत्तरकाशी के सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साहस, धैर्य, तकनीकी दक्षता और बेहतर समन्वय की ऐतिहासिक मिसाल बताया है। शुक्रवार को सचिवालय में प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 दिनों तक चले चुनौतीपूर्ण अभियान के बाद 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों के बेहतर तालमेल का परिणाम था।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 12 नवंबर 2023 को दीपावली के दिन उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना एक बड़ी चुनौती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने आपसी समन्वय से अभियान को आगे बढ़ाया। प्रधानमंत्री लगातार बचाव अभियान की प्रगति की जानकारी लेते रहे। प्रधानमंत्री कार्यालय और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की टीमों का भी महत्वपूर्ण सहयोग मिला।

उन्होंने कहा कि बचाव अभियान के दौरान कई तकनीकी चुनौतियां सामने आईं। श्रमिकों की सुरक्षित निकासी के लिए एक साथ कई वैकल्पिक उपायों पर काम किया गया और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की मदद ली गई। लगभग 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी 41 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा बौखनाग के आशीर्वाद, श्रमिकों के धैर्य, बचाव दलों के अथक परिश्रम और केंद्र एवं राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से यह अभियान सफल हुआ। उन्होंने भूकंप की दृष्टि से उत्तराखंड की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रदेश में नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने पर भी जोर दिया।

प्रदेश में आपदा प्रबंधन तंत्र को किया जा रहा मजबूत

कार्यक्रम में सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रदेश में आपदा प्रबंधन की तैयारियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 133 क्विक रिस्पांस टीमें (QRT) गठित की गई हैं, जिनमें 2,250 सदस्य शामिल हैं। भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व चेतावनी प्रणाली और क्षमता विकास के लिए भी कार्य किए जा रहे हैं।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे आपदा राहत : मुख्य सचिव

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा से पहले की तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया और आपदा के बाद पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन में आधुनिक तकनीक का उपयोग, केंद्रीय संस्थानों की विशेषज्ञता, स्थानीय समुदायों की भागीदारी और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय महत्वपूर्ण है। आपदा से प्रभावित अंतिम व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाना सरकार और प्रशासन का उद्देश्य होना चाहिए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री, राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) रघुवीर सिंह भंडारी, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ और शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम से प्रदेश के सभी जिलाधिकारी और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *