Your Website Description

रोजगार, निवेश, स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी में उत्तराखंड ने भरी उड़ान, धामी सरकार ने गिनाईं पांच साल की उपलब्धियां

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी सरकार के पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, पर्यटन, औद्योगिक विकास और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में हुए कार्यों का ब्यौरा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश में विकास योजनाओं को गति देने के साथ आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रयास किए गए हैं।

रोजगार और शिक्षा में बड़ी उपलब्धि का दावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण के लिए 158 केंद्र संचालित हैं। अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है।

उत्तराखंड राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं से 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है। प्रदेश देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य भी बना है।

महिला सशक्तीकरण और किसान कल्याण पर जोर

मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 70,767 स्वयं सहायता समूह गठित किए गए हैं।

किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आठ लाख से अधिक किसानों के खातों में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई है। मंडुआ की खरीद के लिए 5,200 रुपये प्रति कुंतल की दर निर्धारित की गई है।

निवेश और उद्योग को मिली नई गति

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। निवेश को बढ़ावा देने के लिए 30 से अधिक नई नीतियां बनाई गई हैं।

नीति आयोग के एसडीजी इंडेक्स 2023-24 में उत्तराखंड को पहला स्थान मिला है। निवेश आकर्षण सूचकांक-2026 में भी प्रदेश पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में पहले स्थान पर रहा है।

स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

अटल आयुष्मान योजना के तहत प्रदेश में 63.32 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। सितंबर 2026 तक 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया है।

प्रदेश में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण अंतिम चरण में है, जबकि हल्द्वानी में कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य चल रहा है। प्रदेश में 207 प्रकार की पैथोलॉजी जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी को विस्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण पूरा हो चुका है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। प्रदेश में करीब 39 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 11,595 करोड़ रुपये की लागत से 2,826 सड़कों का निर्माण कर 21,915 किलोमीटर का सड़क नेटवर्क विकसित किया गया है। केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया है।

पर्यटन और धार्मिक स्थलों को नई पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत 48 मंदिरों का विकास किया जा रहा है। प्रदेश की 83 पर्वत चोटियों को पर्वतारोहण के लिए खोला गया है और 100 ट्रैकिंग एवं हाइकिंग रूट चिह्नित किए गए हैं।

ऋषिकेश में 100 करोड़ रुपये की लागत से राफ्टिंग बेस स्टेशन विकसित किया जा रहा है। कुंभ मेला-2027 के लिए 500 करोड़ रुपये से अधिक और नंदा देवी राजजात यात्रा के लिए 25 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।

ऊर्जा, पेयजल और आपदा प्रबंधन में प्रगति

टिहरी में एक हजार मेगावाट की पंप्ड स्टोरेज परियोजना की चारों इकाइयों ने वाणिज्यिक उत्पादन शुरू कर दिया है। जल जीवन मिशन के तहत 14.20 लाख ग्रामीण परिवारों को पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।

आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने और केदारनाथ क्षेत्र में 15 हजार से अधिक लोगों के रेस्क्यू का उल्लेख भी मुख्यमंत्री ने किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। युवाओं, महिलाओं, किसानों और कमजोर वर्गों के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर तैयार करने की दिशा में सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *