Your Website Description

अल्पसंख्यक मेधावी बालिका योजना के 416 आवेदन मिले, 10 दिन में सत्यापन पूरा करने के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी बालिका प्रोत्साहन योजना के तहत छात्राओं को लाभ देने की प्रक्रिया तेज हो गई है। बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई। योजना के तहत कुल 416 आवेदन मिले हैं, जिनमें से 28 आवेदन प्रारंभिक जांच में अपात्र पाए गए।

प्रभारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी भगवती प्रसाद त्रिवेदी ने बैठक में आवेदन संबंधी जानकारी दी। डीएम ने शेष आवेदनों का 10 दिन के भीतर सत्यापन पूरा कर अंतिम स्वीकृति के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र छात्राओं को समय पर प्रोत्साहन राशि मिल सके।

योजना के तहत कक्षा 10वीं में 60, 70 और 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को क्रमशः 10 हजार, 15 हजार और 20 हजार रुपये दिए जाते हैं। वहीं कक्षा 12वीं में इन श्रेणियों के लिए क्रमशः 15 हजार, 20 हजार और 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि निर्धारित है।

योजना का उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय की मेधावी बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उनकी शैक्षिक उपलब्धियों को बढ़ावा देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *