राजपुर रोड पर कैफे की शुरुआत के साथ उत्तराखंड में ब्रांड की एंट्री, वित्त वर्ष 2027 तक 320 कैफे खोलने का लक्ष्य
देहरादून। देश के तेजी से विकसित हो रहे कॉफी और फूड QSR ब्रांड्स में शामिल ‘थर्ड वेव कॉफी’ ने देहरादून की राजपुर रोड पर अपना पहला कैफे शुरू कर उत्तराखंड में दस्तक दी है। इस लॉन्च के साथ देशभर में कंपनी के कैफे की संख्या बढ़कर 275 हो गई है। कंपनी के अनुसार, यह विस्तार विभिन्न बाजारों में ब्रांड की बढ़ती मौजूदगी को दर्शाता है।

थर्ड वेव कॉफी के सह-संस्थापक अनिरुद्ध शर्मा ने कहा कि कंपनी कैफे अनुभव को बेहतर बनाने के लिए फूड इनोवेशन पर विशेष ध्यान दे रही है। उनके अनुसार, एक संपूर्ण कैफे अनुभव तैयार करने में कॉफी के साथ बेहतर फूड विकल्पों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
कंपनी के सीईओ रजत लूथरा ने कहा कि देहरादून में ब्रांड की शुरुआत करना खुशी की बात है। दून वैली में स्थित देहरादून में छात्रों की बड़ी आबादी के साथ पर्यटन गतिविधियां भी काफी सक्रिय हैं। इसके अलावा यहां युवा और शहरी उपभोक्ताओं की संख्या भी अच्छी है, जिससे कंपनी को नए ग्राहकों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि कंपनी वित्त वर्ष 2027 तक देशभर में अपने कैफे की संख्या बढ़ाकर 320 करने के लक्ष्य पर काम कर रही है। देहरादून में नए कैफे की शुरुआत इसी विस्तार योजना का हिस्सा है।
