Your Website Description

बच्चों की सेहत से समझौता नहीं, भोजन माताओं को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

अक्षय पात्र फाउंडेशन की दो दिवसीय पहल, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन तैयार करने के सिखाए गुर

देहरादून। स्कूली बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अक्षय पात्र फाउंडेशन ने भोजन माताओं के लिए दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। प्रशिक्षण में भोजन तैयार करने से लेकर उसके सुरक्षित भंडारण और बच्चों को परोसने तक की प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान भोजन माताओं को रसोई की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित रखरखाव, भोजन पकाते समय स्वच्छता के मानकों और बच्चों को स्वच्छ वातावरण में भोजन परोसने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्हें समझाया गया कि भोजन तैयार करते समय खाद्य सुरक्षा के नियमों का पालन बेहद जरूरी है। छोटी-सी लापरवाही भी बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर डाल सकती है।

प्रशिक्षण में सैद्धांतिक जानकारी के साथ व्यावहारिक गतिविधियों पर भी जोर दिया गया। विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रदर्शन कर भोजन माताओं को स्वच्छ और सुरक्षित भोजन तैयार करने के तरीके सिखाए गए। इसमें भोजन माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विद्यालय स्टाफ ने भी सहयोग किया।

अक्षय पात्र फाउंडेशन के क्लस्टर हेड वेनतया दास के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के तहत डिस्ट्रीब्यूशन हेड किशन दुबे और प्रीति राणा ने विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर प्रशिक्षण दिया।

फाउंडेशन का उद्देश्य मध्याह्न भोजन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाना तथा विद्यालयों में खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। प्रशिक्षण की भोजन माताओं और विद्यालय स्टाफ ने सराहना करते हुए इसे बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में उपयोगी पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *