पंतनगर। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में लंबे समय से कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण का मामला एक बार फिर शासन स्तर पर उठाया गया है। शुक्रवार को प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी से पूर्व जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना ने मुलाकात कर कर्मचारियों के नियमितीकरण की स्वीकृति के संबंध में ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों ने कृषि मंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए बताया कि विश्वविद्यालय में वर्ष 2003 से पूर्व से लगातार कार्यरत 55 कर्मचारियों के विनियमितीकरण का मामला लंबे समय से शासन स्तर पर लंबित है। कर्मचारियों ने इस मामले में शीघ्र निर्णय लेकर उन्हें राहत प्रदान करने की मांग की।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मामले का संज्ञान लेते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति एवं सचिव कृषि को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनके नियमितीकरण से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर कृषि मंत्री ने सभी कर्मचारियों को उत्तराखण्ड के लोकपर्व इगास की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।
कृषि अनुसंधान और नवाचारों की भी ली जानकारी
इसके उपरांत कृषि मंत्री गणेश जोशी ने पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एस.के. कश्यप से मुलाकात कर विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न शोध कार्यों, कृषि अनुसंधान और नवाचारों की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में हो रहे शोध कार्य किसानों के लिए अधिक उपयोगी बनाए जाने चाहिए। साथ ही कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों और नवाचारों को बढ़ावा देने पर जोर दिया, ताकि इनका लाभ सीधे किसानों तक पहुंच सके और प्रदेश की कृषि व्यवस्था को अधिक आधुनिक एवं प्रभावी बनाया जा सके।
