नशा मुक्त युवा : विकसित भारत विषय पर युवाओं ने रखे विचार, नशामुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प
गोपेश्वर। मेरा युवा भारत (MY Bharat) के तत्वावधान में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गोपेश्वर में विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “नशा मुक्त युवा : विकसित भारत” रहा। इसमें महाविद्यालय के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों, नशामुक्त समाज के निर्माण और राष्ट्र के विकास में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने युवाओं को नशे से दूर रहने के साथ ही समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

युवा संसद के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी अभिव्यक्ति क्षमता, तार्किक सोच और नेतृत्व कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिला। प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लेते हुए स्वस्थ, जागरूक और सशक्त युवा पीढ़ी के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना तथा विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को सामाजिक विषयों पर अपने विचार रखने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका समझने का अवसर प्रदान किया।
