भारत-नेपाल के बीच सीमा पार पर्यटन सर्किट विकसित करने की पहल, कॉर्बेट-नंधौर-शुक्लाफांटा को जोड़कर बनेगा ‘तराई आर्क टाइगर ट्रेल’
नई दिल्ली। उत्तराखंड और नेपाल के बीच पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक विरासत को नया आयाम देने के लिए उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने ‘एक तराई, दो राष्ट्र’ का महत्वाकांक्षी प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल दो पड़ोसी देशों का नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और रोटी-बेटी का रिश्ता है। दोनों देशों की साझा विरासत को सीमा पार पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित कर पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा दिया जा सकता है।
पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने गुरुवार को नई दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित एक होटल में नेपाल दूतावास और नेपाल पर्यटन बोर्ड की ओर से आयोजित ‘नेपाल कॉलिंग’ डेस्टिनेशन प्रमोशन कार्यक्रम ‘एक तराई, दो राष्ट्र’ में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए यह प्रस्ताव रखा।

उन्होंने कहा कि माता सीता की जन्मभूमि जनकपुर, भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी और बाबा पशुपतिनाथ जैसे धार्मिक स्थल भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत हैं। उत्तराखंड के लिए यह संबंध और भी विशेष है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान शिव के वृषभ रूप में धरती में समाने के दौरान उनकी पीठ केदारनाथ में और शीश नेपाल के भक्तपुर स्थित डोलेश्वर महादेव में प्रकट हुआ था। इसी तरह महाकाली नदी भी दोनों देशों को सदियों से जोड़ती आ रही है।
कॉर्बेट से शुक्लाफांटा तक बनेगा टाइगर ट्रेल
सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड के तराई क्षेत्र यानी ऊधमसिंह नगर, नैनीताल के मैदानी हिस्से और चंपावत के टनकपुर-बनबसा क्षेत्र की भौगोलिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक समानताएं नेपाल के कंचनपुर और कैलाली जिलों से जुड़ती हैं। दोनों ओर एक जैसी प्रकृति, वन संपदा और थारू संस्कृति मौजूद है।
उन्होंने प्रस्ताव दिया कि पूरे क्षेत्र को संयुक्त सीमा पार पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित किया जाए। इसके तहत कॉर्बेट, नंधौर और नेपाल के शुक्लाफांटा राष्ट्रीय उद्यान को जोड़कर ‘तराई आर्क टाइगर ट्रेल’ विकसित किया जा सकता है। साथ ही खटीमा क्षेत्र में थारू हेरिटेज होमस्टे क्लस्टर स्थापित करने का सुझाव भी दिया।
उन्होंने नेपाल के चितवन राष्ट्रीय उद्यान का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां सामुदायिक स्तर पर पर्यटन गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। थारू समुदाय होमस्टे चलाकर अपनी आजीविका बढ़ा रहा है और पार्क की आय का एक हिस्सा स्थानीय लोगों तक पहुंचता है। इसी मॉडल से उत्तराखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।
पूर्णागिरि-सिद्ध बाबा यात्रा को संयुक्त रूप देने का प्रस्ताव
पर्यटन मंत्री ने टनकपुर स्थित मां पूर्णागिरि धाम और नेपाल के सिद्ध बाबा मंदिर को जोड़कर संयुक्त धार्मिक पर्यटन यात्रा विकसित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि पूर्णागिरि धाम में चैत्र नवरात्र के दौरान लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। मान्यता है कि शारदा नदी के उस पार नेपाल स्थित सिद्ध बाबा मंदिर के दर्शन के बिना पूर्णागिरि यात्रा पूरी नहीं होती।
उन्होंने सुझाव दिया कि ‘पूर्णागिरि-सिद्ध बाबा यात्रा’ के लिए बनबसा सीमा पर सरल आवागमन, साझा शटल सेवा और साइनेज की व्यवस्था की जाए। पूर्णागिरि रोपवे और शारदा रिवर कॉरिडोर परियोजना इस धार्मिक पर्यटन मार्ग को सालभर आकर्षण का केंद्र बना सकती हैं।
पंचेश्वर परियोजना में जलाशय पर्यटन को मिले जगह
सतपाल महाराज ने महाकाली संधि के अंतर्गत प्रस्तावित पंचेश्वर बहुउद्देशीय परियोजना को भारत-नेपाल मैत्री का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि काली और सरयू नदी के संगम पर पंचेश्वर गोल्डन महासीर एंगलिंग के लिए विश्व प्रसिद्ध है।
उन्होंने आग्रह किया कि टिहरी की तर्ज पर पंचेश्वर परियोजना की डीपीआर में शुरुआत से ही जलाशय पर्यटन का प्रावधान किया जाए, ताकि परियोजना से प्रभावित दोनों देशों के परिवारों को पर्यटन के माध्यम से आजीविका मिल सके।

पंतनगर से काठमांडू सीधी उड़ान की पैरवी
पर्यटन मंत्री ने पंतनगर हवाई अड्डे को राज्य का पहला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने की दिशा में चल रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए भविष्य में पंतनगर से काठमांडू की सीधी उड़ान शुरू करने की इच्छा जताई। उन्होंने नेपाल सरकार से पंतनगर-काठमांडू और देहरादून-काठमांडू के बीच हवाई सेवा शुरू करने की दिशा में उचित कदम उठाने का अनुरोध किया।
इसके अलावा उन्होंने टनकपुर-महेन्द्रनगर लिंक रोड का निर्माण शीघ्र शुरू करने, बनबसा सीमा पर पर्यटक सुविधा काउंटर और भारत-नेपाल पर्यटन सूचना डेस्क स्थापित करने की आवश्यकता बताई।
केंद्र और नेपाल सरकार से संयुक्त पहल की अपील
सतपाल महाराज ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से तराई-महाकाली पर्यटन सर्किट को स्वदेश दर्शन 2.0 और प्रसाद योजना में प्राथमिकता देने का अनुरोध किया। वहीं नेपाल सरकार के मंत्री खड्ग राज पौडेल से उत्तराखंड और नेपाल के सुदूरपश्चिम प्रदेश के बीच संयुक्त पर्यटन कार्यदल गठित करने की अपील की।
उन्होंने सुझाव दिया कि संयुक्त कार्यदल साझा पर्यटन पैकेज, साझा विपणन, भारत-नेपाल सीमा पार साइकिल रैली और तराई बर्ड फेस्टिवल जैसे आयोजनों की योजना बनाए। उन्होंने नेपाल के शुक्लाफांटा पर्यटन महोत्सव में उत्तराखंड की भागीदारी की इच्छा भी जताई।
कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, नेपाल के संस्कृति, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री खड्ग राज पौडेल, नेपाल के राजदूत, नेपाल पर्यटन बोर्ड के पदाधिकारी और दोनों देशों के पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।
सतपाल महाराज ने विश्वास जताया कि मां पूर्णागिरि से सिद्ध बाबा, बाबा केदार से डोलेश्वर महादेव और कॉर्बेट के बाघों से शुक्लाफांटा के बारहसिंगा तक फैली साझा विरासत ‘एक तराई, दो राष्ट्र’ की अवधारणा को नई पहचान देगी और भारत-नेपाल के पर्यटन संबंधों को मजबूत करने के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी।
