Your Website Description

उत्तरकाशी में किसान ऋण मेले में 93.70 लाख रुपये के ऋण वितरित, 40 नए सदस्य बैंक से जुड़े

उत्तरकाशी। किसानों, युवाओं और ग्रामीण उद्यमियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मंगलवार को भटवाड़ी विकासखंड के नैताला स्थित बहुउद्देश्यीय सहकारी समिति में किसान ऋण मेला-2026 आयोजित किया गया। उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक लिमिटेड और सहकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेले में विभिन्न ऋण योजनाओं के तहत लाभार्थियों को 93.70 लाख रुपये के ऋण वितरित किए गए। इस दौरान 40 नए सदस्यों को बैंक से जोड़ा गया, जबकि 38 निष्क्रिय सदस्यों को दोबारा सक्रिय किया गया।

बैंक अध्यक्ष शारदा राणा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, विशिष्ट अतिथि राज्य औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रताप सिंह पंवार, मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार और बैंक उपाध्यक्ष हरिमोहन सिंह सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना बैंक का लक्ष्य

कार्यक्रम में बैंक अध्यक्ष शारदा राणा ने कहा कि जिला सहकारी बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ किसानों, महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना भी है। इसी उद्देश्य से ऋण वितरण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद लोगों को आसानी से वित्तीय सहायता मिल सके।

उन्होंने कहा कि सहकारिता ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला है। बैंक का प्रयास है कि सरकारी योजनाओं और वित्तीय सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा कोई भी पात्र व्यक्ति इन सुविधाओं से वंचित न रहे। किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए बैंक लगातार प्रयास कर रहा है।

40 नए सदस्य जुड़े, 38 निष्क्रिय सदस्य फिर सक्रिय

किसान ऋण मेले के दौरान बैंक की विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 93.70 लाख रुपये के ऋण वितरित किए गए। इसके अलावा 40 नए सदस्यों को बैंक से जोड़ा गया और 38 पूर्व निष्क्रिय सदस्यों को दोबारा सक्रिय किया गया। वहीं, 20 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत आच्छादित किया गया।

मेले में किसानों, जनजातीय समुदाय, लघु एवं सूक्ष्म उद्यमियों और स्वरोजगार से जुड़े युवाओं को बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं एवं वित्तीय सुविधाओं की जानकारी दी गई। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूक करते हुए पात्र लोगों का नामांकन भी किया गया।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष राजेश राणा, पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह राणा, विक्रम सिंह रावत, जिला सहायक निबंधक सहकारिता, बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक सहित बैंक और सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सहकारी समितियों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *