देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में निकाली गई 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डॉ. जोशी सहित यात्रा में शामिल सभी साइकिल यात्रियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया और अभियान की सफलता पर बधाई दी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि डॉ. अनिल प्रकाश जोशी द्वारा 47 दिनों तक साइकिल यात्रा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना उनके समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प का प्रेरणादायी उदाहरण है। यह यात्रा केवल लंबी दूरी तय करने का अभियान नहीं, बल्कि जल, जंगल और जमीन सहित प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने की एक सार्थक पहल है।

मुख्यमंत्री ने भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामाजिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनकपुर धाम और अयोध्या का संबंध हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत तथा रोटी-बेटी के आत्मीय रिश्तों का प्रतीक है। दोनों देशों की भौगोलिक एवं प्राकृतिक परिस्थितियां भी एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए आपसी सहयोग एवं सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं।
इस दौरान पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने प्रकृति पथ यात्रा-2026 के अनुभव साझा करते हुए बताया कि 2 अक्टूबर 2026 को नेपाल के जनकपुर धाम से शुरू हुई इस 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय साइकिल यात्रा में 3,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की गई। यात्रा के दौरान नेपाल सहित भारत के विभिन्न राज्यों के 25 से अधिक जिलों और 150 से अधिक गांवों तक पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन का संदेश पहुंचाया गया।
डॉ. जोशी ने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति और मानव जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 28 से 30 नवंबर तक देहरादून में आयोजित होने वाले विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के पोस्टर का भी विमोचन किया।
