नई टिहरी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), टिहरी गढ़वाल में जनपद स्तरीय सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से चयनित विद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कड़े मुकाबले में राजकीय इंटर कॉलेज पलेठी डोबल्यों, विकासखंड देवप्रयाग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके माध्यम से सामान्य ज्ञान में वृद्धि के साथ ही तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास, नेतृत्व कौशल और त्वरित निर्णय लेने की योग्यता विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन एवं अभ्यास के माध्यम से अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बड़वाल ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं है। विभिन्न शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों का ज्ञानवर्धन और कौशल विकास भी आवश्यक है।
प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज पलेठी डोबल्यों, विकासखंड देवप्रयाग की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय इंटर कॉलेज रगड़गांव, विकासखंड जौनपुर की टीम द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज चंबा की टीम तृतीय स्थान पर रही।
प्रतियोगिता का आयोजन स्क्रीनिंग राउंड के बाद छह चरणों में किया गया। स्क्रीनिंग राउंड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छह टीमों को फाइनल के लिए चयनित किया गया। फाइनल मुकाबले में एमसीक्यू, विजुअल, स्पीच, वीडियो, रैपिड फायर और बजर राउंड आयोजित किए गए। विभिन्न चरणों में विद्यार्थियों के विषयगत ज्ञान, अभिव्यक्ति कौशल, विश्लेषण क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की योग्यता एवं तत्परता का मूल्यांकन किया गया। रैपिड फायर और बजर राउंड के दौरान मुकाबला विशेष रूप से रोमांचक रहा।
कार्यक्रम के संयोजक एवं डायट के प्राचार्य दीपक रतूड़ी ने अतिथियों, प्रतिभागी विद्यालयों, मार्गदर्शक शिक्षकों और आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।
