नई टिहरी। जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना प्रक्रिया को जनपद में प्रोत्साहित करने एवं व्यापक जन-जागरूकता के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सीडीओ ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिए कि जनगणना के द्वितीय चरण के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित होने वाली स्व-गणना प्रक्रिया में अधिकारी एवं कर्मचारी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करें। उन्होंने सभी विभागों के कार्मिकों का स्व-गणना के माध्यम से डेटा भरवाना सुनिश्चित करने को कहा।

सीडीओ ने बताया कि स्व-गणना के बाद 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक फील्ड सर्वेयर घर-घर जाकर भरे गए डेटा का सत्यापन करेंगे। स्व-गणना के दौरान कुल 40 सामान्य प्रश्न पूछे जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान एकत्रित की जाने वाली सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि मोबाइल के माध्यम से स्व-गणना का डेटा भरने के बाद एक आईडी जनरेट होगी। संबंधित व्यक्ति इस आईडी को सुरक्षित रखें, क्योंकि फील्ड सर्वेयर द्वारा डेटा सत्यापन के दौरान इसकी आवश्यकता होगी।
सीडीओ ने शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग को विशेष रूप से निर्देश दिए कि भोजन माताओं, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को जागरूक कर उनकी स्व-गणना सुनिश्चित कराएं। इसके लिए शीघ्र ही जागरूकता कैंप आयोजित किए जाएंगे, जिनमें फील्ड ट्रेनर्स द्वारा स्व-गणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में आयोजित जनप्रतिनिधियों की बैठकों में जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करें तथा उनका विवरण ऐप पर दर्ज करवाएं। आगामी जौनपुर एवं जाखणीधार की बीडीसी बैठकों में भी इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर सांख्यिकी अधिकारी धारा सिंह ने पीपीटी के माध्यम से स्व-गणना की संपूर्ण प्रक्रिया का प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने ऐप पर डेटा भरने, 40 प्रश्नों एवं उनके उत्तर दर्ज करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर उप जिला चिकित्साधिकारी डॉ. निधि, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग आलोक सिंह, खंड विकास अधिकारी जौनपुर राकेश बिष्ट, खंड विकास अधिकारी देवप्रयाग विनय बहुगुणा, श्रम अधिकारी आयशा सहित अन्य संबंधित अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
