Your Website Description

नौवें जौनपुर महोत्सव का CM धामी ने किया शुभारंभ, टिहरी को दी 52 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

नई टिहरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को जनपद टिहरी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र धनौल्टी के अंतर्गत थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री के राजकीय इंटर कॉलेज थत्यूड़ स्थित हेलीपैड पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने उनका जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपदवासियों को 52 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी।

इनमें 30 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण तथा 22 करोड़ रुपये की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। ये योजनाएं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग, प्राधिकरण, शिक्षा, पशुपालन, सिंचाई, लघु सिंचाई एवं सामुदायिक विकास से संबंधित हैं।

लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का सशक्त मंच है जौनपुर महोत्सव

वर्ष 2016 से शुरू हुई जौनपुर महोत्सव की पहल का उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन करना है। इस महोत्सव के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। लोकगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया जाता है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिल सके।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि जौनपुर महोत्सव जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, लोक परंपराओं और विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।

युवाओं को रोजगार देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से उत्तराखण्ड के युवा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने और सख्त नकल विरोधी कानून बनाने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। प्रदेश में अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए लगभग 13 हजार एकड़ भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं का भविष्य राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के लगभग 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार प्रदान किया गया है।

टिहरी झील रिंग रोड और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड निर्माण का कार्य गतिमान है। वहीं, तिवाड़ गांव को होम स्टे गांव के रूप में विकसित किया गया है। प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए एक जनपद एक उत्पाद जैसी योजनाओं के माध्यम से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हिमालय हाट जैसे प्रयास स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और उन्हें व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

प्रगतिशील किसान कबूल चंद पुंडीर के प्रयासों की सराहना

मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील कृषक कबूल चंद पुंडीर के कृषि क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारपूर्ण कार्यों की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि सेब मिशन के अंतर्गत सेब उत्पादन के साथ अदरक, कीवी, केसर, फूलों, आलू और रोजमैरी जैसी विभिन्न पहाड़ी फसलों की खेती के माध्यम से पुंडीर स्वरोजगार एवं आधुनिक कृषि को बढ़ावा दे रहे हैं।

साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को मिला जौनपुर रत्न सम्मान

महोत्सव के दौरान साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ग्राम सभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को मुख्यमंत्री ने जौनपुर रत्न सम्मान से नवाजा। उन्हें गढ़वाली भाषा में रामायण एवं महाभारत जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों का अनुवाद करने के उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र तथा कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने रखीं क्षेत्र की विकास संबंधी मांगें

स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि जौनपुर महोत्सव कई वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है और यह नई पीढ़ी को समर्पित आयोजन है। उन्होंने कहा कि नकल विरोधी कानून एवं समान नागरिक संहिता जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों से प्रदेश के युवाओं और आम लोगों को लाभ मिला है।

उन्होंने क्षेत्र में पेयजल, सिंचाई, पंपिंग योजनाओं, कृषि एवं उद्यान से संबंधित योजनाओं को स्वीकृति प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि धनौल्टी पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

नागटिब्बा और थत्यूड़ क्षेत्र को मिली विकास कार्यों की सौगात

जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने क्षेत्र में 11 केवी विद्युत लाइन, पॉलिटेक्निक संस्थान की शुरुआत सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने नागटिब्बा के लिए सात किलोमीटर मोटर मार्ग, थत्यूड़ बाईपास के तीन किलोमीटर मोटर मार्ग और नागराजाधार मोटर मार्ग सहित विभिन्न मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने धनौल्टी मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग निर्माण की स्वीकृति देने की बात कही। इसके साथ ही पालीगाड से थत्यूड़ बाजार तक आबादी क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा के लिए 273 लाख रुपये तथा भवान बाजार के आबादी वाले क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4 करोड़ 72 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान करने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने की घोषणा भी की। इसके अतिरिक्त विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं डामरीकरण से संबंधित मांग पत्रों को विचारोपरांत घोषणाओं में शामिल करने की बात कही।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, नगर पालिका मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, महोत्सव समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *