गौचर (चमोली)। उत्तराखण्ड के प्रसिद्ध राज्यस्तरीय 74वें गौचर मेले के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 14 नवंबर यानी बाल दिवस से शुरू होने वाले इस ऐतिहासिक मेले की साज-सज्जा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए जिला प्रशासन के आला अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में संबंधित विभागों की टीमें दिन-रात जुटी हुई हैं। मेला स्थल पर तैयारियों को अंतिम स्वरूप देने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
गौरतलब है कि गौचर मेला अपने आयोजन के 74वें पड़ाव पर पहुंच गया है। वर्ष 1943 में शुरू हुए इस मेले का इतिहास उत्तराखण्ड की व्यापारिक, सांस्कृतिक और सामाजिक परंपराओं से जुड़ा हुआ है। शुरुआती दौर में यह मेला हाट-बाजार के रूप में आयोजित किया जाता था, जहां भोटिया जनजाति के व्यापारी तिब्बत से लाए गए सामान का क्रय-विक्रय किया करते थे। उस समय गौचर मेला सीमावर्ती क्षेत्रों के व्यापार का एक महत्वपूर्ण केंद्र हुआ करता था।

समय के साथ मेले के स्वरूप और नाम में बदलाव आता गया। पारंपरिक व्यापारिक मेले के रूप में शुरू हुआ गौचर मेला आज राज्यस्तरीय आयोजन के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। इस मेले में व्यापारिक गतिविधियों के साथ ही उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति, लोककला, पारंपरिक उत्पादों और सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिलती है।
हालांकि, भारत-चीन युद्ध, विभिन्न चुनावों और प्राकृतिक आपदाओं सहित कई कारणों से बीच के कुछ वर्षों में मेले का आयोजन नहीं हो सका। इसके बावजूद गौचर मेले ने अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को बरकरार रखा है।
इस बार भी मेले को भव्य स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भी उत्साह बना हुआ है।
