Your Website Description

प्रसून जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से की मुलाकात, उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाने पर हुई चर्चा

देहरादून। प्रसार भारती के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गीतकार, कवि और लेखक प्रसून जोशी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, कला, साहित्य, संगीत और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान राज्य की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, पारंपरिक लोककलाओं, लोकगीतों और लोक परंपराओं के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही उत्तराखण्ड की रचनात्मक प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने और संचार एवं प्रसारण के विभिन्न माध्यमों से राज्य की सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाने पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति, लोकगीत, लोककला और पारंपरिक रीति-रिवाज राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण और संवर्धन राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी पहचान मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने प्रसून जोशी के साहित्य, गीत लेखन, सिनेमा और रचनात्मक जगत में दिए गए योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कला और साहित्य समाज की संवेदनाओं, विचारों एवं सांस्कृतिक मूल्यों को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम हैं। इनके जरिए देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।

इस अवसर पर उत्तराखण्ड की लोककला एवं लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने, प्रदेश की सांस्कृतिक विशिष्टताओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और स्थानीय कलाकारों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *