बाबा केदार की उत्सव डोली के साथ लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए बेस कैंप में की गई प्रसाद और भोजन की व्यवस्था, पुलिस के सेवा भाव की हुई सराहना
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के साथ ही वर्ष 2026 की केदारनाथ यात्रा का विधिवत समापन हो गया। यात्रा के समापन पर रुद्रप्रयाग पुलिस ने सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल पेश करते हुए केदारनाथ धाम स्थित बेस कैंप में भंडारे का आयोजन किया। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य पैदल मार्ग से वापस लौट रहे श्रद्धालुओं को भोजन और प्रसाद उपलब्ध कराना रहा।
बाबा केदार की चल-विग्रह उत्सव डोली के साथ शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए पैदल मार्ग से लौट रहे श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों के लिए पुलिस की ओर से भोजन एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भंडारे में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। पुलिसकर्मियों ने भी पूरी आत्मीयता के साथ श्रद्धालुओं को भोजन परोसकर उनकी सेवा की।

सुरक्षा के साथ सेवा में भी आगे रही पुलिस
गौरतलब है कि केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, सुगम दर्शन और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए लगातार जिम्मेदारी निभाई। दुर्गम हिमालयी परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण पैदल मार्ग पर पुलिस जवानों ने मुस्तैदी से ड्यूटी करने के साथ ही जरूरतमंद श्रद्धालुओं की सहायता भी की।
यात्रा के समापन पर आयोजित इस भंडारे के माध्यम से रुद्रप्रयाग पुलिस ने यह संदेश दिया कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था और सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि श्रद्धालुओं की सेवा, सहयोग और उनकी यात्रा को सुखद बनाने में भी उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। पुलिस की इस मानवीय पहल की श्रद्धालुओं ने सराहना की।
