Your Website Description

पुरोला में 2027 चुनाव की तैयारी में जुटे पूर्व विधायक मालचंद, भाजपा टिकट पर ठोकी दावेदारी

उत्तरकाशी। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। पुरोला विधानसभा सीट पर भाजपा के संभावित प्रत्याशियों की चर्चाओं के बीच पूर्व विधायक मालचंद ने भी अपनी दावेदारी के संकेत दे दिए हैं। दीपावली मिलन समारोह के बहाने उन्होंने पत्रकारों और बुद्धिजीवियों के बीच अपनी राजनीतिक सक्रियता का प्रदर्शन किया। साथ ही भाजपा से टिकट मिलने पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करने का दावा भी किया।

अपने पैतृक गांव देवरा स्थित आवास पर आयोजित दीपावली मिलन समारोह में मालचंद ने यमुना घाटी के पत्रकारों और बुद्धिजीवियों का फूलमालाओं से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने अपने विधायक कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी मंशा भी जाहिर की। उनके इस आयोजन को 2027 के चुनाव से पहले पुरोला क्षेत्र में राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।

दो बार विधायक, पांच बार लड़ चुके हैं चुनाव

पूर्व विधायक मालचंद ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें दो बार पुरोला विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। वह पांच बार चुनाव लड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि विधायक रहते हुए विपक्ष में होने के बावजूद सीमित संसाधनों में दूरस्थ गांवों तक विकास पहुंचाने का प्रयास किया। सड़क और जनसुविधाओं के साथ प्राचीन मंदिरों के सौंदर्यीकरण, जीर्णोद्धार और पारंपरिक लोक वाद्य यंत्रों के संरक्षण को भी प्राथमिकता दी।

भाजपा से टिकट मिला तो ऐतिहासिक जीत का दावा

वर्ष 2027 के चुनाव में भाजपा से टिकट मिलने के सवाल पर मालचंद ने कहा कि क्षेत्र की जनता का उन्हें लगातार प्यार और समर्थन मिल रहा है। यदि पार्टी उन पर विश्वास जताकर प्रत्याशी बनाती है तो जनता के आशीर्वाद से वह ऐतिहासिक मतों से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार पहले से अधिक ऊर्जा और समर्पण के साथ क्षेत्र की सेवा करने का उनका संकल्प है।

विरोधियों को चुनौती, पांच विकास कार्य दिखाने को कहा

विकास कार्यों को लेकर मालचंद ने विरोधियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, “आज कुछ लोग विकास की बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं। यदि उन्होंने वास्तव में विकास कार्य किए हैं तो पांच पत्थर काम के दिखा दें, तब मैं उनकी बात मानूंगा।” उनके इस बयान को पुरोला की राजनीति में आगामी चुनाव से पहले बढ़ती सियासी तल्खी के तौर पर देखा जा रहा है।

बोले- मेरे खिलाफ हुई राजनीतिक साजिश

मालचंद ने अपने राजनीतिक जीवन के दौरान खुद को घेरने के प्रयासों का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने उनके खिलाफ राजनीतिक साजिश रची और कई मुकदमे दर्ज कराए। हालांकि जनता सब कुछ जानती है। राजनीति में अंतिम फैसला जनता की अदालत में होता है और समय आने पर जनता अपना निर्णय सुनाएगी।

पत्रकारों से मांगे विकास के सुझाव

उन्होंने पत्रकारों को लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ बताते हुए कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और जनहित के मुद्दों को सामने लाने में मीडिया की अहम भूमिका है। उन्होंने पत्रकारों और बुद्धिजीवियों से क्षेत्र के विकास के लिए सुझाव भी मांगे।

समारोह में वरिष्ठ पत्रकार राधाकृष्ण उनियाल ने आयोजन की सराहना करते हुए पूर्व विधायक को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पुरोला ब्लॉक प्रमुख नितिशा, जिला पंचायत सदस्य विजय बधानी, प्रेस क्लब अध्यक्ष उत्तरकाशी चिरंजीव सेमवाल, विजयपाल रावत, तिलक चंद्र रमोला, वीरेंद्र सिंह, बलदेव असवाल, दीपेंद्र सिंह कलूड़ा, भगत राणा, दिनेश चौहान, सचिन नौटियाल, राजेंद्र चौहान, ओपी असवाल, मदन पैन्यूली, रोहित चौहान, राजेंद्र रावत, रोहित बिजल्वाण, प्रताप रावत, लोकेश बडोनी, गजेंद्र चौहान, अनिल असवाल सहित यमुना घाटी के पत्रकार और क्षेत्र के बुद्धिजीवी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ नेता बलदेव सिंह असवाल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *