देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत अक्टूबर 2026 की धनराशि डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की। इस दौरान प्रदेश के कुल 9 लाख 99 हजार 484 लाभार्थियों के खातों में 148 करोड़ 18 लाख 84 हजार 500 रुपये भेजे गए। दीपावली से पहले पेंशन मिलने से लाखों जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से पात्र लोगों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से और समय पर मिले।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र एवं राज्य सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। डीबीटी व्यवस्था से सीधे बैंक खातों में धनराशि पहुंचने के कारण पारदर्शिता बढ़ी है और भुगतान प्रक्रिया अधिक सुगम हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान, विधवा महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा और दिव्यांगजनों का सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। पेंशन योजनाएं जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल देने के साथ सम्मानपूर्वक जीवन जीने में भी सहायता कर रही हैं।
आधार के अभाव में भी 7 हजार लोगों को पेंशन
मुख्यमंत्री ने बताया कि वृद्धावस्था एवं दिव्यांगता के कारण कुछ लाभार्थियों को पेंशन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने और औपचारिकताएं पूरी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए केंद्र सरकार के साथ समन्वय कर लगभग 7 हजार लाभार्थियों को विशेष प्रावधानों के तहत आधार के अभाव में भी पेंशन का लाभ दिया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं का संचालन पारदर्शिता के साथ किया जाए और किसी भी पात्र लाभार्थी को असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक माह पेंशन की धनराशि समय पर खातों में पहुंचे।
वृद्धावस्था पेंशन के 6.24 लाख लाभार्थियों को मिली धनराशि
कार्यक्रम में दी गई जानकारी के अनुसार अक्टूबर 2026 में वृद्धावस्था पेंशन के 6,24,616 लाभार्थियों को 93.69 करोड़ रुपये, विधवा पेंशन के 2,39,527 लाभार्थियों को 35.93 करोड़ रुपये और दिव्यांग पेंशन के 89,971 लाभार्थियों को 13.50 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए।
इसके अतिरिक्त किसान पेंशन के 27,092, परित्यक्ता पेंशन के 8,442, भरण-पोषण अनुदान के 7,461, तीलू रौतेली पेंशन के 2,248 और बौना पेंशन के 127 लाभार्थियों को भी धनराशि का भुगतान किया गया।
इस प्रकार कुल 9,99,484 लाभार्थियों को 148.18 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए। मुख्यमंत्री ने सभी लाभार्थियों को दीपावली, धनतेरस, भैयादूज और गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख-शांति और खुशहाली की कामना की।
