देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को देहरादून स्थित माउंट लिट्रा जी स्कूल के वार्षिक खेल दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक मार्चपास्ट की सलामी ली तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इसके उपरांत कैबिनेट मंत्री जोशी ने राजपुर स्थित न्यू स्कॉलर्स एकेडमी के 10वें वार्षिक उत्सव समारोह में भी शिरकत की। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को वार्षिकोत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं। खेल न केवल बच्चों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गुरु-शिष्य परंपरा धीरे-धीरे कमजोर होती जा रही है। इस परंपरा को जीवंत बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ नैतिक शिक्षा और चरित्र निर्माण की सीख देना भी जरूरी है, ताकि वे एक अच्छे विद्यार्थी के साथ-साथ जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
मंत्री जोशी ने विद्यार्थियों से जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और मेहनत, लगन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
