बोले मुख्यमंत्री- खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रभावना का होता है विकास, खेल संस्कृति को बढ़ावा दे रही केंद्र और राज्य सरकार
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गाजियाबाद में विद्या भारती द्वारा आयोजित 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह-2026 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के साथ उनमें अनुशासन, एकता, सहयोग और राष्ट्रभावना का विकास करती हैं। देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों की सहभागिता इस आयोजन को विशेष बनाती है। हिमालय से कन्याकुमारी और पश्चिमी सीमावर्ती क्षेत्रों से पूर्वोत्तर तक के खिलाड़ियों का एक मंच पर एकत्र होना लघु भारत का दर्शन कराता है।

उन्होंने कहा कि खेल का मैदान सभी को एक सूत्र में जोड़ता है। यहां खिलाड़ी एक-दूसरे की संस्कृति और परंपराओं को समझने का अवसर भी प्राप्त करते हैं। खेलों में जीत और हार दोनों महत्वपूर्ण हैं। जीत आगे बढ़ने का उत्साह देती है, जबकि हार अपनी कमियों को सुधारने की प्रेरणा देती है।
मुख्यमंत्री ने विद्या भारती के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संस्था शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत कर रही है। वर्ष 1952 में गोरखपुर में प्रथम सरस्वती शिशु मंदिर की स्थापना से शुरू हुई यह यात्रा आज देशभर में पहुंच चुकी है। उत्तराखंड में भी संस्था के विद्यालय शिक्षा और संस्कारों के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि खेलों से विद्यार्थियों में साहस, धैर्य, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक सहयोग जैसे गुण विकसित होते हैं। पेरिस पैरालंपिक-2024 के रजत पदक विजेता निषाद कुमार का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

खेल संस्कृति को बढ़ावा दे रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट जैसी पहलों से युवाओं में खेल एवं शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी प्रदेश में खेल सुविधाओं और संसाधनों के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। दूरस्थ क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही आयोजन के सफल संचालन के लिए विद्या भारती के पदाधिकारियों, आचार्यों, प्रशिक्षकों और कार्यकर्ताओं की सराहना की।
इस अवसर पर महेश गुप्ता, विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के महामंत्री देशराज शर्मा, अखिल भारतीय सह-संगठन मंत्री यतीन्द्र कुमार शर्मा, अखिल भारतीय संयोजक खेल विभाग मुक्तेश बगेशा, डॉ. विजय पाल सहित संस्था के पदाधिकारी, शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
