Dehradun: दीपावली पर्व पर आगजनी की घटनाओं की रोकथाम और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जनपद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग ने जल संस्थान के साथ समन्वय स्थापित कर जनपद के 41 स्थानों पर पानी के टैंकरों की व्यवस्था की है। वहीं, शहर के 23 महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों पर फायर टेंकर तैनात किए जाएंगे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिनव त्यागी ने बताया कि जनपद में स्थापित फायर हाइड्रेंट की नियमित निगरानी एवं जांच की जा रही है। वर्तमान में 90 प्रतिशत से अधिक फायर हाइड्रेंट क्रियाशील हैं। शेष हाइड्रेंट को भी शीघ्र दुरुस्त कराने की कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि दीपावली के दौरान बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक तहसील के अंतर्गत आने वाले फायर स्टेशनों द्वारा दिन में तीन बार अग्निशमन वाहनों से गश्त की जा रही है। इससे संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने के साथ ही आग लगने की सूचना पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सकेगा।
व्यापारियों से की गई विशेष अपील
अग्निशमन विभाग की ओर से आमजन और व्यापारियों को भी अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। व्यापारियों से विद्युत उपकरणों और बिजली के लोड पर विशेष ध्यान देने, निर्धारित क्षमता से अधिक विद्युत भार नहीं लेने तथा बिजली के कनेक्शन एवं उपकरणों का सुरक्षित इस्तेमाल करने की अपील की गई है। साथ ही दुकानों और प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा गया है।
विभाग ने बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त रास्ता खुला रखने की भी अपील की है।
जनसहयोग से सुरक्षित होगी दीपावली
अग्निशमन विभाग के अनुसार जनसहयोग, सतर्कता और समय रहते बरती गई सावधानी से आगजनी की घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। दीपावली के दौरान जनपद में सुरक्षित एवं निर्बाध अग्निशमन सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए विभागीय टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहेंगी।
