देहरादून। गढ़ी कैंट स्थित विशाल महिंद्रा ग्राउंड में तीन दिवसीय गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव एवं भव्य राजकीय मेले का शानदार आगाज हो गया। प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। वीर गोरखा कल्याण समिति की ओर से आयोजित इस दसवें वार्षिक महोत्सव में नेपाली, गोरखाली और उत्तराखंड की लोकसंस्कृति के विविध रंग देखने को मिले। पहले दिन भक्ति वंदना, पारंपरिक लोकनृत्य, संगीत और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। उद्घाटन समारोह में लोकप्रिय पार्षद सुमेंद्र सिंह बोहरा की उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि सतपाल महाराज ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। वहीं विशिष्ट अतिथि विधायक सविता कपूर ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया और कलाकारों की सराहना की।

नेपाली और उत्तराखंडी संस्कृति के साथ सजे खानपान और खरीदारी के स्टॉल
तीन दिवसीय महोत्सव में दर्शकों के लिए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों और खरीदारी के आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। मेले में नेपाली सेल रोटी, गोरखाली चटनी, फिनी, चुकानी और गुंडरूक सहित उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों का लोगों ने आनंद लिया। इसके साथ ही विभिन्न प्रकार के आकर्षक उत्पादों और घरेलू सामानों के स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
महोत्सव में गोरखाली और नेपाली संस्कृति की विविध झलकियां विशेष आकर्षण बनी हुई हैं। आयोजन के आगामी कार्यक्रमों में नेपाल के कार्यवाहक राजदूत डॉ. सुरेन्द्र थापा सहित कई प्रमुख गोरखाली हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। महोत्सव में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की प्रस्तुतियां भी आयोजित की जा रही हैं। प्रसिद्ध गायक आकाश थापा की प्रस्तुति और मयूर नृत्य भी कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हैं।
दसवीं बार आयोजित हो रहा गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव
वीर गोरखा कल्याण समिति के अध्यक्ष कमल थापा ने बताया कि समिति की ओर से लगातार दसवीं बार गोरखा दशैं-दीपावली मेले का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समिति का मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देना तथा गोरखा समुदाय की पारंपरिक संस्कृति और विरासत को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष महोत्सव में गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ नेपाल के प्रसिद्ध लोकनृत्य और संगीत की प्रस्तुतियां भी शामिल की गई हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इसके अलावा पद्मश्री से सम्मानित कई विशिष्ट अतिथियों को भी आमंत्रित किया गया है, जिन्हें समिति की ओर से विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा।
दुर्गा स्तुति से शुरू हुई सांस्कृतिक संध्या, लोकनृत्यों ने बांधा समां
गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव-2026 के पहले दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत आरुषि जोशी, प्रत्युषा और शरणशी गर्ग की मनमोहक दुर्गा स्तुति से हुई। इसके बाद अनीमेश, वैभव और कार्तिक ने लाइव बैंड की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। तानिष्का छेत्री, जाह्नवी थापा, कार्तिक थापा और नंदिनी शर्मा ने कौड़ा नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि समृद्धि सयाला, आराध्या रावत, शुभांगिनी बहुगुणा और शनाया शर्मा ने हिंदी समूह नृत्य से दर्शकों की तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में हरीश मेहरा ने कुमाऊंनी एकल गीत प्रस्तुत किया। वहीं अनयता, प्राची, चिन्मय, वैष्णवी, प्रगति, विशाल, वैभवी और वेद ने नेपाली समूह नृत्य की प्रस्तुति दी। शीला थापा और जेबी राय ने नेपाली युगल गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगाए।
इसके अतिरिक्त ओलिवा गुरूंग और आयांशा थापा ने नेपाली समूह नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि दीप्ति राणा ने एकल गीत से दर्शकों का मनोरंजन किया। नंदिनी, शगुन, दीनांशु, मानसवी, आयांश, नमन और हर्ष ने नेपाली समूह नृत्य की प्रस्तुति दी।
अलका रावत, समृद्धि रावत और प्रज्ञा रावत ने कुमाऊंनी नृत्य के माध्यम से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को प्रदर्शित किया। वहीं टिकू, योशिता, अंचिका और ऐशा ने झामरे नृत्य प्रस्तुत कर नेपाली परंपरा की खूबसूरत झलक पेश की।

मयूर नृत्य बना विशेष आकर्षण
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में किरण थापा, विकास छेत्री, आशि, दविल वीके, स्वयं कोटला, दिक्षांत चौहान, टोनी, शक्ति सोहन, रिधिमा कपूर, इशानी, वेदांशी मेहर, कस्तूरी, आराध्या, यति और विल्सन लाकरा ने हिंदी समूह नृत्य प्रस्तुत किया। राकेश थापा ने एकल गीत से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
इसके साथ ही कमलजीत शास…, कंसाई मगर, श्याम राणा, शिवखेली और सिंधुली के कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में भागीदारी की। पहले दिन की सांस्कृतिक संध्या का विशेष आकर्षण कंसाई मगर का मयूर नृत्य रहा, जिसने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
समिति के पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर समिति के संरक्षक इंजीनियर मेग बहादुर थापा, संरक्षक सारिका प्रधान, मेजर बीपी थापा, मेजर अमर राई, अध्यक्ष कमल थापा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उर्मिला तमांग, उपाध्यक्ष सूर्य बिक्रम शाही, महासचिव विशाल थापा, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी टेकु थापा, सचिव देविन शाही, सह-सचिव आशु थापा, सांस्कृतिक सचिव देव कला दिवान, सह-सांस्कृतिक सचिव करमिता थापा और संगठन मंत्री लोकेश बन मौजूद रहे।
इसके अलावा सोनु गुरूंग, पूरन बहादुर थापा, यामु राना, शाहिल राणा, सोना शाही, ज्योति राना, बबिता गुरुंग, एनबी थापा, बुद्धेश राई और मीन गुरुंग सहित समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन देवेंद्र शाही, संकल्प पंत और श्याम राणा मगर ने संयुक्त रूप से किया।
तीन दिवसीय गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव के माध्यम से देहरादून में गोरखाली, नेपाली और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को एक साझा मंच मिल रहा है।
