Your Website Description

BJP को पहले से अधिक समर्थन दिलाने के लिए अभी से जुटें कार्यकर्ता: स्वामी यतीश्वरानंद

गेंडीखाता में आयोजित कार्यक्रम में नए मतदाताओं के पंजीकरण और मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर दिया जोर

हरिद्वार। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने आगामी चुनाव में पिछले चुनाव के मुकाबले दो से तीन गुना अधिक वोट मिलने की उम्मीद जताते हुए नए मतदाताओं के पंजीकरण और लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।

गेंडीखाता स्थित संधू पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि भाजपा को सत्ता में बनाए रखना समय की मांग है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में सक्रिय रहकर लोगों तक पार्टी की नीतियों, सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि भाजपा स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने की दिशा में काम कर रही है। देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने लाठियां खाईं, जेल गए और अनेक कुर्बानियां दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश के विकास और उत्तराखंड के क्रांतिकारियों के सपनों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री लोगों के जायज कामों को पूरा करने के लिए तत्पर रहते हैं।

स्वामी यतीश्वरानंद ने कार्यकर्ताओं से युवाओं और नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नए मतदाताओं के वोट बनवाने के साथ ही लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करना जरूरी है। कार्यकर्ता जनसंपर्क के माध्यम से सरकार के कार्यों और योजनाओं को जनता तक पहुंचाएं, ताकि आगामी चुनाव में पार्टी को अधिक समर्थन मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *