Your Website Description

गैरसैंण में सीएम धामी ने किया 231.91 करोड़ की 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को मिली गति; 197.87 करोड़ की छह योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ की छह योजनाओं का लोकार्पण

चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में जनपद चमोली की 231.91 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ रुपये की छह पूर्ण योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। ये योजनाएं पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-धंसाव से सुरक्षा तथा पुलिस एवं अग्निशमन सुविधाओं से संबंधित हैं।

रामगंगा नदी पर बांध निर्माण का शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने 122.69 करोड़ रुपये की लागत से गैरसैंण शहर एवं आसपास की आबादी को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए रामगंगा नदी पर बांध निर्माण योजना का शिलान्यास किया। इसके अतिरिक्त कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में 50.18 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से भू-धंसाव से सुरक्षा संबंधी कार्यों का शुभारंभ किया।

उन्होंने 12.16 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण और राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में 22.75 लाख रुपये की लागत से भवन अनुरक्षण कार्य का भी शिलान्यास किया।

सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए कुमोली रैवान मोटर मार्ग से फरखण्डे मोटर मार्ग को जोड़ने संबंधी कार्य पर 6.99 करोड़ रुपये तथा गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग से कुमोली रैवान मोटर मार्ग को जोड़ने संबंधी कार्य पर 5.60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

34.04 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई छह विकास योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें 14.82 करोड़ रुपये की लागत से खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग (बछुवाबाण-चौखुटिया) का उच्चीकरण प्रमुख है।

इसके अलावा राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ऑडिटोरियम भवन का लोकार्पण किया गया। सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के किलोमीटर 6 से 11 तक सुधार एवं डामरीकरण कार्य पर 4.03 करोड़ रुपये तथा कारगिल शहीद रणजीत सिंह (आगर-जिनगोड़) मोटर मार्ग के किलोमीटर 1 से 8 तक सुधार, डामरीकरण एवं नवीनीकरण कार्य पर 2.17 करोड़ रुपये खर्च किए गए।

 

पुलिस और अग्निशमन सुविधाओं को मजबूती

गैरसैंण में सुरक्षा व्यवस्था एवं आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए मुख्यमंत्री ने 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित फायर यूनिट भवन और 4.24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित थाना गैरसैंण भवन का लोकार्पण किया।

इन योजनाओं से गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, सड़क संपर्क, शैक्षणिक सुविधाओं तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। भू-धंसाव प्रभावित बहुगुणानगर में सुरक्षा कार्य स्थानीय आबादी के लिए महत्त्वपूर्ण हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, भरत चौधरी, स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *